उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस पाकिस्तान की उड़ा रही है नींद: अमित शाह

युगवार्ता    25-Sep-2026
Total Views |
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह


नोएडा, 25 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि आज उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। निवेश के माहौल की पहली प्राथमिकता है कि कानून व्यवस्था ठीक हो। अनुकूल औद्योगिक नीति बने। उद्योग को बढ़ावा और सुविधा दिया जाए।

केंद्रीय गृह गृहमंत्री अमित शाह ने आज यहां इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। यहां उद्योग के लिए अच्छा वातावरण है। उन्होंने कहा कि एक जमाने में यूपी में माफियाओं का शासन चलता था। वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार यहां पर बनी। उसके बाद यूपी से माफियाओं को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा इसी वजह से आज उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन बार प्रधानमंत्री बनकर नीतियों का निर्माण किया तथा नीतियों को जमीनी स्तर पर सही तरह से पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अनुभव के आधार पर नीतियों में जो बदलाव करने थे और जो नई नीतियां बनानी थी उसमें भी प्रधानमंत्री ने स्फूर्ति दिखाकर बनाया और भारत को पूरे विश्व में एक आकर्षक उत्पादन का हब बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कुछ वक्रदृष्टा लोग भारत की जीडीपी के आंकड़ों को भी झुठलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने जीडीपी के 7.8 ग्रोथ को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में इतनी अशांति के माहौल के बीच में भी भारत ने सबसे ज्यादा विकास ग्रोथ प्राप्त किया है। अपनी विकास दर को बनाए रखा है और उसे आगे भी बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि साल 2047 तक का विश्व में हर क्षेत्र में भारत के नंबर वन बनने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि निर्यात मे 2015 की तुलना में इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद के निर्यात में 11 गुना वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि छह राज्यों में 12 सेमी कंडक्टर की परियोजनाएं लगाई गई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को फिर भी यह डेड इकोनामी लगती है। उन्होंने कहा कि जिनकी सोच डेड हो गई हो उनको प्रोग्रेस दिखाई नहीं देता है। उन्हें हर जगह डेड ही डेड दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के लोग भारत की उन्नति को नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि मॉरीशस, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, युरोपियन कंट्री के चार देशों के संगठन ,यूके, ओमान, आदि के साथ हमने फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट पर समझौता किया है। यह एफडीआई उद्योग जगत की निर्यात की संभावनाओं को कई गुना बढ़ा दिया है। कई प्रकार की बाधाओं के बावजूद भी हमने विकास को बरकरार रखा है।

उन्होंने यूपी का उदाहरण देते हुए कहा कि हमने डिफेंस कॉरिडोर का स्टाल देखा। झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, कानपुर के कॉरिडोर को देखा। यहां डिफेंस के साधनों, मैन्युफैक्चरिंग के लिए इन्वेस्टमेंट आ रहा है और इसके कारण न केवल उत्तर प्रदेश में वरन देशभर के डिफेंस के उत्पादन का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज रक्षा उत्पादन लगभग 1,78,000 करोड़ को पार कर गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 की तुलना में रक्षा के उत्पादों के निर्यात में हमने 56 गुना वृद्धि की है और आज 80 देश में भारत के रक्षा के उत्पादों का निर्यात हो रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि यहां पर डिफरेंट कॉरिडोर बनाने के लिए योगी सरकार ने उसे इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने के लिए अनुकूल नीतियां बनाने के लिए ढेर सारा काम किया है। उन्होंने कहा कि आज यूपी में बने ब्रह्मोस पाकिस्तान की नींद उड़ा देते हैं। यह बदलाव का सबसे बड़ा लक्षण है। अमेठी में बनी एके -203 एसॉल्ट राइफल आज नक्सलवादी और आतंकवादियों की नींद उड़ा चुकी है।

उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब सपा और बसपा का जमाना था। यहां पर अपराध का उद्योग चलता था। कट्टा, अवैध तमंचों की फैक्ट्री लगती थी। शहर-शहर में वाहन चुराने का कुटीर उद्योग था। चेन स्नेचिंग में युवाओं को हूनर प्राप्त करने का मौका मिलता था। आज 10 साल के अंदर स्थिति अलग है। कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर बना है। वाहन चोरी की जगह वाहन मैन्युफैक्चरिंग हो रहा है। चैन स्नेचिंग उद्योग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा परिवर्तन है। जिस उत्तर प्रदेश में यह साहस नहीं था कि लखनऊ में इन्वेस्टर्स समिट किया जाए, वह उत्तर प्रदेश आज उद्योग लाने का प्रमुख कारण बना है। यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार के कारण आया है। उन्होंने कहा कि योगी की सरकार बनने के बाद सपा और बसपा के समय की सारी गुंडागर्दी को खत्म किया गया है, जिसकी वजह से यहां पर इंडस्ट्री लगाने के लिए देश और दुनिया के लिए अच्छा माहौल बना है। उन्होंने कहा कि तत्परता के साथ उद्योगपतियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। रेड कारपेट बिछाकर देश- दुनिया की इंडस्ट्री को लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका सफल परिणाम मिला है। यूपी के युवाओं के लिए लाखों करोड़ों की संख्या में नौकरी के अवसर मिला है।

उन्होने कहा कि यूपी के एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और कई प्रकार के इंफ्रास्ट्रक्चर के कामों ने यूपी में इन्वेस्टमेंट के लिए एक अच्छा माहौल बनाया है और इसी के कारण आज उत्तर प्रदेश दिन दूनी रात चौगुनी गति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी के सात शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है, जो देश के किसी भी राज्य से सबसे ज्यादा है। उन्होंने भदोही की कालीन, फिरोजाबाद की कांच, कन्नौज का इत्र, बनारस की सिल्क साड़ी का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में इसकी अपनी खास पहचान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Tags