देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.89 अरब डॉलर घटकर 766 अरब डॉलर पर पहुंचा

युगवार्ता    25-Sep-2026
Total Views |
विदेशी मुद्रा भंडार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा मुद्रा भंडार 18 सितंबर को समाप्त हफ्ते में 14.88 अरब डॉलर घटकर 765.90 अरब डॉलर रहा है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि विदेशी मुद्रा भंडार में यह गिरावट मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में कमी के कारण आई है। आरबीआई के मुताबिक इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 4.92 अरब डॉलर घटकर 780.78 अरब डॉलर रह गया था। विदेशी मुद्रा भंडार का महत्वपूर्ण हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां भी इस दौरान 14.81 अरब डॉलर घटकर 630.98 अरब डॉलर रह गईं।

आंकड़ों के अनुसार 18 सितंबर को समाप्त हफ्ते में देश के स्वर्ण भंडार का मूल्य 6.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 111.29 अरब डॉलर पर पहुंच गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10.6 करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति 4.89 अरब डॉलर रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags