इंडिया मोबाइल कांग्रेस ने भारतीय टेक्नोलॉजी ब्रांड्स को ग्लोबल बनाने के लिए 'विकसित टेक 47' किया लॉन्च

युगवार्ता    25-Sep-2026
Total Views |
इंडिया मोबाइल कांग्रेस के जारी लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) ने शुक्रवार को 'विकसित टेक 47' को लॉन्च किया। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो वैश्विक बाजार में विस्तार करने की चाह रखने वाली भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियों की पहचान करने के साथ-साथ उन्हें मान्यता देगा और सपोर्ट भी करेगा।

आईएमसी के मुताबिक यह पहल इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें एडिशन का हिस्सा है, जो 7 से 10 अक्टूबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला है। इसका मकसद 'विकसित भारत 2047' के विजन के तहत ग्लोबल टेक्नोलॉजी वैल्यू चेन में भारतीय टेक्नोलॉजी ब्रांड्स और कंपनियों को बढ़ावा देना है। यह टेक्नोलॉजी एनालिटिक्स, रिसर्च और कंसल्टिंग फर्म 'टेचारक' इस पहल के लिए रिसर्च पार्टनर के तौर पर काम करेगी। इस पहल के आखिर में एक खास रिपोर्ट भी जारी की जाएगी, जिसे आईएमसी में पेश किया जाएगा। यह रिपोर्ट बताएगी कि ग्लोबल टेक्नोलॉजी वैल्यू चेन में भारत की स्थिति क्या है।

ये रिपोर्ट 200 से ज़्यादा भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियों की स्टडी और उनके फाउंडर्स एवं इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स से बातचीत पर आधारित होगी, ताकि इस सेक्टर की साफ़ तस्वीर सामने आ सके। आईएमसी ने कहा कि इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य उन भारतीय तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप और इनोवेटर्स की पहचान करना, उन्हें आगे बढ़ाना और वैश्विक मंच भी प्रदान करना है, जो वैश्विक प्रौद्योगिकी मूल्य श्रृंखला में भारत का दबदबा बढ़ा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags