

- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक लोहिया को दी बधाई
भोपाल, 25 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय पैरा स्विमर और पद्मश्री से सम्मानित सतेंद्र सिंह लोहिया ने यूनाइटेड किंगडम (यूके) के डोवर से फ्रांस तक 36 किमी लंबे इंग्लिश चैनल को तीसरी बार सफलतापूर्वक पार कर इतिहास रच दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की रात सोशल मीडिया एक्स पर अपने बधाई संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक एवं पद्मश्री से सम्मानित सत्येंद्र एस. लोहिया एवं उनकी टीम ने यूनाइटेड किंगडम (यूके) के डोवर से फ्रांस तक 36 किमी लंबे इंग्लिश चैनल की चुनौती को तीसरी बार सफलतापूर्वक पूरी करने में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 घंटे 20 मिनट की इस कठिन तैराकी को तिरंगे के साथ पूरा कर भारतीय पैरा तैराकों ने मध्य प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। इनकी यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गाता गाँव के निवासी पद्मश्री एवं अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक डॉ. सतेन्द्र सिंह लोहिया 20 सितंबर को अपनी टीम के साथ लंदन पहुंचे थे। उन्होंने 24 सितंबर 2026 को सुबह 8:58 बजे डोवर (इंग्लैंड) से इंग्लिश चैनल पार करने के अभियान की शुरू की थी। यह कठिन तैराकी 21 घंटे 20 मिनट बाद 25 सितंबर को सुबह 6:18 बजे फ्रांस पहुंचकर पूरी हुई। ठंडे पानी, समुद्री धाराओं और लगातार लंबी तैराकी के बावजूद सतेन्द्र ने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प के साथ यह उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही लोहिया इंग्लिश चैनल को तीन बार पार करने वाले भारत के पहले तैराक बन गए हैं।
पहली बार 2018 में पार किया था इंग्लिश चैनल
सतेंद्र लोहिया ने पहली बार 24 जून 2018 को इंग्लिश चैनल पार किया था। उन्होंने डोवर से फ्रांस तक की करीब 36 किलोमीटर की समुद्री चुनौती लगभग 12 घंटे 26 मिनट में पूरी की थी।इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओपन-वॉटर स्विमिंग में कई कठिन समुद्री अभियानों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2019 में उन्होंने भारतीय टीम के साथ कैलिफोर्निया के कैटालिना चैनल को पार किया। 2022 में उन्होंने नॉर्थ चैनल की चुनौती पूरी की, जबकि जुलाई 2023 में इंग्लिश चैनल के टू-वे रिले अभियान का हिस्सा भी बने।
पद्मश्री समेत कई सम्मान
खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सतेंद्र सिंह लोहिया को पद्मश्री 2024 से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा उन्हें अर्जुन पुरस्कार, विक्रम पुरस्कार और तेनजिंग नॉर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। लेकिन सतेंद्र लोहिया के लिए यह अभियान सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं है।
दिव्यांग युवाओं के लिए भी संदेश
सतेंद्र सिंह लोहिया ने मैथिली फाउंडेशन की स्थापना दिव्यांग बच्चों और युवाओं को शिक्षा, पैरा स्पोर्ट्स और ओपन-वॉटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की है। उनका अभियान इस विचार पर आधारित है कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता की अंतिम सीमा नहीं है। उचित अवसर, प्रशिक्षण और सहयोग मिले तो दिव्यांग युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं। इंग्लिश चैनल की तीसरी चुनौती के जरिए भी वह दिव्यांग युवाओं को अपने सपनों के लिए आगे बढ़ने का संदेश दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर