एशियाई खेल : पहले ही दौर में हारकर बाहर हुई सात्विक-चिराग की भारतीय जोड़ी

युगवार्ता    25-Sep-2026
Total Views |
गत चैंपियन भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी


आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। गत चैंपियन भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को एशियाई खेल-2026 में पुरुष युगल स्पर्धा के पहले ही दौर में बड़ा उलटफेर झेलना पड़ा। थाईलैंड के सुकफुन और पकापोन तीरारत्साकुल ने शुक्रवार को राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में चौथी वरीय भारतीय जोड़ी को 12-21, 21-19, 21-14 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।

सात्विक और चिराग ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की। भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में 11-5 की बढ़त बनाई और लगातार दबाव बनाए रखते हुए 20 मिनट में गेम 21-12 से अपने नाम किया।

दूसरे गेम में थाई जोड़ी ने वापसी की। सुकफुन और पकापोन ने 8-7 की बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय जोड़ी ने स्कोर 8-8 और फिर 11-11 कर दिया। इसके बाद थाई खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा और 17-14 की बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने अंततः दूसरा गेम 21-19 से जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

तीसरे गेम में सात्विक और चिराग अपनी शुरुआती लय हासिल नहीं कर सके। थाई जोड़ी ने लगातार आक्रामक रैलियों के जरिए 18-14 की बढ़त बनाई और निर्णायक गेम 21-14 से जीतकर बड़ा उलटफेर कर दिया।

इस हार के साथ एशियाई खेलों में गत चैंपियन सात्विक-चिराग का पुरुष युगल अभियान पहले ही दौर में समाप्त हो गया।

ध्रुव कपिला-तनिशा क्रास्टो क्वार्टर फाइनल में

भारत के ध्रुव कपिला और तनिशा क्रास्टो ने व्यक्तिगत मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने मलेशिया की विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज गोह सून हुआत और लाई शेवोन जेमी को कड़े मुकाबले में 22-20, 24-22 से हराया।

ध्रुव और तनिशा का अगला मुकाबला 27 सितंबर को चीन की विश्व नंबर एक जोड़ी फेंग यांग झे और हुआंग डोंग पिंग से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags