
नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। आर्थिक संकट से जूझ रहे क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के वेतन में 25 फीसदी कटौती करने का फैसला लिया है। बोर्ड ने शुक्रवार को वित्तीय स्थिति से निपटने के लिए वेतन कटौती के साथ कई अन्य कदमों की भी घोषणा की।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के अनुसार, वेतन में कटौती के बावजूद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी 12 महीने के अनुबंध पर बने रहेंगे। वहीं, घरेलू खिलाड़ियों के रिटेनर अनुबंध की अवधि घटाकर सात महीने कर दी गई है।
बोर्ड ने खर्च कम करने और 2027 वनडे विश्व कप के क्वालीफायर तथा मुख्य टूर्नामेंट की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए इस साल होने वाले पुरुष सुपर50 और महिला टी20 ब्लेज को भी स्थगित कर दिया है।
महिला सुपर50 की जगह अगले साल बेस्ट बनाम बेस्ट विकास टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। वहीं, वेस्टइंडीज की चार दिवसीय प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता डब्ल्यूआई क्रिकेट चैंपियनशिप इस साल की तरह ही द्विपक्षीय सीरीज के प्रारूप में 12 मैचों के साथ जारी रहेगी।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस डियरिंग ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बोर्ड को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी और अगले साल लीमा में होने वाले पैन अमेरिकन खेलों में क्रिकेट के पदार्पण को भी ध्यान में रखना होगा।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों को ऐसे कार्यक्रमों की ओर मोड़ने का फैसला किया गया है, जो अधिक प्रभावी और लागत-कुशल हों तथा मध्यम और दीर्घकालिक स्तर पर वेस्टइंडीज क्रिकेट को अधिक लाभ पहुंचा सकें।
डियरिंग ने यह भी बताया कि क्रिकेट वेस्टइंडीज ने आईसीसी से 1.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर का ऋण हासिल किया है। यह राशि अगले एक साल में तीन चरणों में उपलब्ध होगी और इसके लिए निर्धारित शर्तों तथा प्रदर्शन मानकों को पूरा करना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे