नगालैंड में संदिग्ध मिलावटी शराब पीने से 19 लोगों की मौत, एसआईटी गठित

युगवार्ता    26-Sep-2026
Total Views |
Image Related to the 19 People Killed After Suspected Spurious Liquor Consumption In Nagaland.


कोहिमा, 26 सितंबर (हि.स.)। नगालैंड के मोकोकचुंग और त्वेनसांग जिलों में पिछले दो दिनों के दौरान संदिग्ध मिलावटी शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। राज्य में तीन दशक से अधिक समय से शराबबंदी लागू है।

पुलिस के अनुसार, मोकोकचुंग जिले में आठ और त्वेनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मृतकों ने संदिग्ध मिलावटी शराब का सेवन किया था।

मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई. बुंगलांग चांग के नेतृत्व में एसआईटी संदिग्ध मिलावटी शराब के स्रोत और उसकी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने बताया कि संदिग्ध मिलावटी शराब के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट से मौतों के वास्तविक कारण और शराब में किसी जहरीले या हानिकारक पदार्थ की मौजूदगी का पता चल सकेगा।

पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संदिग्धों की भी जांच कर रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags