एशियाई खेल 2026: पीवी सिंधु क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, मियाजाकी को सीधे गेम में हराया

युगवार्ता    26-Sep-2026
Total Views |
पीवी सिंधु एशियाई खेल 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं


इचिनोमिया, 26 सितंबर (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने शनिवार को जापान की टोमोका मियाजाकी को सीधे गेमों में हराकर एशियन गेम्स के महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए राउंड ऑफ 16 मुकाबले में सिंधु ने मियाजाकी को 21-9, 21-13 से मात दी।

दो बार की एशियन गेम्स पदक विजेता सिंधु ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। उन्होंने अपने अनुभव और कोर्ट कवरेज का शानदार इस्तेमाल करते हुए जापानी खिलाड़ी को लगातार दबाव में रखा।

पहले गेम में सिंधु ने जल्द ही बढ़त बना ली और एक समय वह 13-7 से आगे थीं। इसके बाद उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए पहला गेम 21-9 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में मियाजाकी ने वापसी की कोशिश की और लंबी रैलियों के जरिए सिंधु पर दबाव बनाने का प्रयास किया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखा और अपने आक्रामक खेल से लगातार अंक हासिल करती रहीं। मध्यांतर तक सिंधु 11-6 से आगे थीं।

ब्रेक के बाद भी सिंधु ने मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने 17-11 की बढ़त हासिल करने के बाद लगातार अंक जुटाए और 21-13 से दूसरा गेम जीतकर मुकाबला सीधे गेमों में अपने नाम कर लिया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags