
भोपाल, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 4.38 किलो मादक पदार्थ (एम्फेटामाइन ड्रग्स) जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है। इस दौरान एक नाइजीरियाई महिला समेत दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर की गई है।
डीआरआई द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि विभाग को सूचना मिली थी कि हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) से ट्रेन से भोपाल आ रहा एक भारतीय पुरुष यात्री नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। भोपाल पहुंचने पर अधिकारियों ने ट्रेन में बैठे यात्रियों की तलाशी ली। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास मौजूद नीले डफल बैग में 3 पॉलीथिन पैकेट मिले। इनमें 2.014 किलो सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था। एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच में इसके एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने तुरंत उसे पकड़कर पैकेट जब्त कर लिए।
दूसरी कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने आगरा कैंट से ट्रेन से भोपाल आ रही एक नाइजीरियाई महिला यात्री को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर रोका। उसके सामान की विस्तृत तलाशी के दौरान चार सलवार कुर्तों के अंदर छिपाए गए चार पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। चारों पैकेटों में कुल 2.368 किलो क्रिस्टलीय एम्फेटामाइन था।
डीआरआई के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में कुल 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर