
काठमांडू, 26 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से नेपाल के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने शनिवार को पश्चिम नेपाल के 25 जिलों में वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया है।
एनडीआरआरएमए ने शुक्रवार देर शाम जारी सूचना में कहा कि इन जिलों में शनिवार को अत्यधिक बारिश होने की आशंका है। रेड अलर्ट जारी किए गए इन जिलों में कर्णाली, सुदूरपश्चिम, लुंबिनी और गंडकी प्रदेश के जिले शामिल हैं। यहां शनिवार को पूरे दिन यातायात संचालन बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
रेड अलर्ट वाले 25 जिले जिसमें सुदूरपश्चिम प्रदेश के दार्चुला, बझांग, बाजुरा, कैलाली और कंचनपुर। कर्णाली प्रदेश के डोल्पा, जुम्ला, कालीकोट, मुगु, हुम्ला और सुर्खेत। लुंबिनी प्रदेश के प्युठान, दांग, रुपन्देही, पाल्पा, अर्घाखांची, गुल्मी, कपिलवस्तु, बांके और बर्दिया। गंडकी प्रदेश के मनांग, मुस्तांग, गोरखा, लमजुंग और स्यांगजा शामिल है।
इसके अलावा 30 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में कोशी और मधेश प्रदेश को छोड़कर अन्य पांच प्रदेशों के जिले शामिल हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां रात के समय यातायात बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
दिन के समय वाहनों का संचालन किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला स्थानीय मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए जिला मानसून प्रतिक्रिया कमांड पोस्ट को करने के लिए कहा गया है।
वहीं, नेपाल के 22 अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इनमें कोशी और मधेश प्रदेश के जिले तथा बागमती प्रदेश के मकवानपुर और सिंधुली जिले शामिल हैं। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने भारी बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास