अंडर-16 स्कूल फुटबॉल लीग में आर्मी पब्लिक स्कूल और घरोह स्कूल बने चैंपियन

युगवार्ता    27-Sep-2026
Total Views |
विजेताओं को सम्मानित करते हुए एसपी कांगड़ा।


एसपी कांगड़ा बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी को सम्मानित करते हुए।


धर्मशाला, 27 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में आयोजित अंडर-16 धर्मशाला स्कूल फुटबॉल लीग के तीसरे सत्र में आर्मी पब्लिक स्कूल ने बालक और जीएसएसएस घरोह ने बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग के फाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल ने सेक्रेड हार्ट स्कूल को 2-0 से हराया। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में जीएसएसएस घरोह ने अचीवर्स हब स्कूल को 2-0 से मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। गौरतलब है कि फुटबॉल एसोसिएशन धर्मशाला ने कांगड़ा पुलिस के सहयोग से 25 से 27 सितंबर तक पुलिस ग्राउंड में प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण हैं।

इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 12 और बालिका वर्ग की चार टीमों समेत कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी जीएसएसएस घरोह की प्रज्ञा और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर अचीवर्स हब की शानवी रहीं। बालक वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल के वेदांश सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और इसी स्कूल के आरिक सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुने गए। फुटबॉल एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष वरुण गुप्ता ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कांगड़ा पुलिस, विद्यालयों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Tags