आईआईटी-बॉम्बे छात्र मौत मामला : मृतक छात्र के पिता ने आजाद मैदान में शुरू किया धरना प्रदर्शन

युगवार्ता    28-Sep-2026
Total Views |

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में उनके पिता रवींद्र वाकोडे ने सोमवार को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। परिवार ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और साहिल को न्याय दिलाने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि साहिल को संस्थान में कथित तौर पर जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा था।

रवींद्र वाकोडे ने कहा कि वह अपने बेटे को न्याय मिलने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने एक दिन पहले कहा था, मुझे परवाह नहीं है, भले ही मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए। मेरे बेटे को संवैधानिक रूप से न्याय मिलना चाहिए। यह छत्रपति शिवाजी, फुले, शाहू और आंबेडकर का राज्य है। मैं आजाद मैदान में अपना धरना शुरू करूंगा। रवींद्र वाकोड़े के वकील निखिल कांबले ने बताया कि वाकोडे परिवार आजाद मैदान में भूख हड़ताल कर रहा है और एफआईआर में नामजद लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि 22 वर्षीय साहिल वाकोडे 18 सितंबर की शाम आईआईटी बॉम्बे परिसर में स्थित हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए थे। वह आईआईटी-बॉम्बे में दूसरे वर्ष के छात्र थे। घटना से कुछ घंटे पहले उन्हें मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए चैट जीटीपी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। साहिल की मौत के बाद आईआईटी-बॉम्बे बोर्ड ने मामले की परिस्थितियों की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित की थी।

पुलिस एफआईआर में जातिगत भेदभाव और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के तहत प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का नाम भी शामिल है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्हें छुट्टी पर भेजा गया है। अन्य संस्थानों के छात्र संगठनों ने भी वाकोडे परिवार के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने मामले की पारदर्शी जांच और साहिल की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags