कोयला क्षेत्र के विकास और श्रमिकों के कल्याण पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी से की अहम चर्चा

युगवार्ता    28-Sep-2026
Total Views |
किशन रेड्डी से मिले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 28 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी से एक महत्वपूर्ण और सार्थक मुलाकात की है। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान राज्य के खनन क्षेत्रों के समग्र विकास, कोयला उद्योग की सतत प्रगति और खदानों में काम करने वाले श्रमिकों के कल्याण से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी सोमवार रात साझा करते हुए इसे बेहद फलदायक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के साथ बंगाल के विशेष संदर्भ में विस्तृत और रचनात्मक बातचीत हुई है। बैठक का मुख्य फोकस राज्य की कोयला पट्टी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और वहां कार्यरत कार्यबल के हितों की रक्षा व उनकी भलाई सुनिश्चित करने पर रहा।

अपने बयान में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी का हृदय से आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य के विकास और प्रगति को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार और मंत्री रेड्डी की अटूट प्रतिबद्धता बेहद सराहनीय है।

राज्य सरकार और केंद्र के बीच हुई इस सकारात्मक वार्ता को बंगाल के खनन क्षेत्रों की स्थिति सुधारने और कोयला उद्योग को नई दिशा देने के लिहाज से एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags