इटली ने इराक से सैनिकों की वापसी पूरी की, 12 साल की सैन्य मौजूदगी खत्म

युगवार्ता    29-Sep-2026
Total Views |

रोम, 29 सितंबर (हि.स.)। इटली ने मंगलवार को इराक से अपने आखिरी सैनिकों को भी वापस बुला लिया। इसके साथ इराक में इटली की करीब 12 साल पुरानी सैन्य मौजूदगी समाप्त हो गई। इटली के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मार्च 2026 तक इटली अपने ज्यादातर सैनिकों को इराक से वापस बुला चुका था। कुर्दिस्तान क्षेत्र में एक सैन्य अड्डे को रात में हवाई हमले का निशाना बनाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया था।

इटली की सेना ने इस दौरान इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाले ऑपरेशन इनहेरेंट रिजॉल्व और नाटो मिशन इराक में हिस्सा लिया। नाटो का यह मिशन मुख्य रूप से इराकी सुरक्षा बलों को सलाह और प्रशिक्षण देने से जुड़ा था।

इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने कहा कि सैनिकों की वापसी इराक को अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी अधिक मजबूती से संभालने की दिशा में बदलाव का संकेत है।

हालांकि, दो इतालवी काराबिनियरी अधिकारी यूरोपीय संघ के ईयूएएम इराक मिशन के तहत इराक में बने रहेंगे। यह मिशन इराकी सरकार की मंजूरी से संचालित होता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags