एशियन गेम्स 2026 में मप्र की शूटर नीरू ढांडा का गोल्डन निशाना, भारत के लिए रचा इतिहास

युगवार्ता    29-Sep-2026
Total Views |
एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड पर निशाना लगाने के बाद मप्र की शूटर नीरू ढांडा


- महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं, मनीषा कीर ने टीम स्पर्धा में जीता रजत

भोपाल, 29 सितम्बर (हि.स.)। एशियन गेम्स 2026 में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी नीरू ढांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स की महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में मंगलवार को स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्होंने 30 में से 28 सटीक निशाने साधते हुए न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि नया एशियन रिकॉर्ड भी कायम किया।

28 सटीक निशानों के साथ एशियन रिकॉर्ड, नीरू ढांडा का ऐतिहासिक स्वर्ण

नीरू धांडा ने फाइनल मुकाबले में शानदार एकाग्रता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। उनके 28 अंकों के प्रदर्शन ने इससे पहले के 24 अंकों के एशियन रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस स्वर्णिम प्रदर्शन के साथ नीरू एशियन गेम्स में महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गईं। नीरू की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है, क्योंकि उन्होंने आशिमा अहलावत और मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी मनीषा कीर के साथ महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

30 सितंबर को मिक्स्ड टीम स्पर्धा में नीरू का अगला मुकाबला

एशियन गेम्स में नीरू ढांडा का शानदार सफर अभी जारी है। बुधवार, 30 सितंबर को नीरू ढांडा और क्यानन चेनाई की भारतीय जोड़ी ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में चुनौती पेश करेगी। स्पर्धा का क्वालिफिकेशन राउंड सुबह होगा, जबकि फाइनल दोपहर 2:30 बजे निर्धारित है। व्यक्तिगत महिला ट्रैप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के बाद अब नीरू के पास मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी भारत के लिए एक और पदक जीतने का अवसर है। नीरू ढांडा के अगले मुकाबले पर प्रदेश की खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी।

इस वर्ष भी जारी है नीरू का शानदार प्रदर्शन

नीरू ढांडा का वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन जारी है। इससे पहले उन्होंने इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप में महिला ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भी इतिहास रचा था। अब एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

मनीषा कीर ने भी दिलाया भारत को रजत

मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी मनीषा कीर ने भी एशियन गेम्स में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में नीरू ढांडा, मनीषा कीर और आशिमा अहलावत की भारतीय टीम ने 328 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया। टीम की ओर से नीरू धांडा ने 118, आशिमा अहलावत ने 106 और मनीषा कीर ने 104 अंक अर्जित किए। भारतीय टीम ने चीन के बाद दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। मनीषा कीर इससे पहले भी एशियन गेम्स के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी हैं।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नीरू ढांडा और मनीषा कीर को एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर अंतर्राष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नीरू धांडा का ऐतिहासिक स्वर्ण और मनीषा कीर का टीम स्पर्धा में रजत पदक प्रदेश की बेटियों की खेल प्रतिभा का शानदार उदाहरण है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी इसी तरह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags