मप्र के सीधी में ओडिशा पुलिस टीम पर हमला, तीन गाड़ियों से आए हथियारबंद बदमाश आरोपित को छुड़ा ले गए

युगवार्ता    29-Sep-2026
Total Views |
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधीकारी


सीधी, 29 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में मंगलवार को ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला हो गया। तीन गाड़ियों में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर तीन बार गोलियां चलाईं। बेसबॉल बैट से तोड़फोड़ की और फिर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के आरोपित को छुड़ा ले गए।

सीधी के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि घटना रीवा और सीधी जिलों की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में पूर्वान्ह करीब 11.30 बजे हुई। ओडिशा पुलिस की टीम एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा अदालत में पेश करने जा रही थी। सीधी से गुजरते वक्त छुहिया घाटी में दो गाड़ियों ने आगे की तरफ से जबकि एक गाड़ी ने पीछे की तरफ से उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ियों से बदमाश उतरे और पुलिस की गाड़ी पर बेसबॉल बेट से हमला किया, जिससे गाड़ी के कांच टूटकर सड़क पर बिखर गए। बदमाशों ने गोलियां चलाईं और आरोपित आदित्य को छुड़ाकर भाग गए। ओडिशा पुलिस ने डायल 112 को फोन लगाया। हालांकि, किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है।

ओडिशा पुलिस टीम के सदस्य ईश्वर सिंह ने बताया कि हमारी टीम में आठ पुलिसकर्मी थे। बदमाशों ने हमारी आंखों में मिर्च स्प्रे डाल दिया। इसके बाद कई गोलियां चलाईं। हम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे भाग गए। बदमाशों की गोली से पुलिस की गाड़ी का टायर फट गया। हमलावर भागते समय बेसबॉल के बैट छोड़ गए। बदमाश मैहर की तरफ भागे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags