
चांगलांग (अरुणाचल), 29 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग ज़िले में आज भारत-म्यांमार सीमा पर असम राइफ़ल्स की पेट्रोलिंग टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों (एनएससीएन) के हमले में असम राइफ़ल्स का एक जवान बलिदान हो गया एवं अन्य चार जवान घायल हो गए।
यह घटना नामपोंग नाला के पास हुई। सुबह करीब 6.30 बजे नामपोंग सर्कल में 21वीं असम राइफ़ल्स के जवान इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है, तभी उन पर गोलीबारी हुई।
सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध उग्रवादियों ने पेट्रोलिंग टीम पर गोलीबारी की, जिसमें हवलदार जानखोकाई कुकी (42) की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गयी है।
सूत्रों के अनुसार हमला एनएससीएन केवाई से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि हमलावरों की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की और कहा कि चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को विवरण इकट्ठा करने का निर्देश दिया गया है।
चांगलांग में भारत-म्यांमार सीमा संवेदनशील रही है क्योंकि इस क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार विद्रोही समूह सक्रिय हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी