
आइची-नागोया, 29 सितंबर (हि.स.)। भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह ने एशियन खेल-2026 में पुरुषों की 5000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। गुलवीर ने मंगलवार को 13:32.75 मिनट का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।
यह मौजूदा एशियन खेल में उनका तीसरा व्यक्तिगत पदक है। वह एक ही एशियन खेल में तीन व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए हैं।
बहुत करीबी मुकाबले में बहरीन के बिरहानु बालेव ने 13:30.79 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान के तोमोनोरी यामागुची ने 13:31.43 के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
गुलवीर ने इससे पहले पुरुषों की 10,000 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धाओं में रजत पदक जीता था। 5000 मीटर में कांस्य के साथ उन्होंने एशियन खेल में पदकों की हैट्रिक पूरी कर ली।
यह एशियन खेल-2026 में मंगलवार को भारत का चौथा पदक भी रहा। गुलवीर मौजूदा खेलों में भारतीय एथलेटिक्स के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।
इस स्पर्धा में भारत के अविनाश साबले भी सूची में शामिल थे, लेकिन उन्होंने दौड़ में हिस्सा नहीं लिया।
नीरू धांडा ने भी रचा इतिहास
इससे पहले मंगलवार को निशानेबाज नीरू धांडा ने महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। नीरू ने 30 में से 28 निशाने सही लगाए। चीन की सुन युनोंग ने 26 हिट के साथ रजत, जबकि हाजर अब्दुलमलिक ने 21 हिट के साथ कांस्य पदक जीता।
नीरू का स्वर्ण एशियन खेल-2026 में भारत का निशानेबाजी में दूसरा स्वर्ण पदक है। वह एशियन खेल में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी बनीं।
नीरू, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। भारतीय टीम ने कुल 328 अंक हासिल किए, जबकि चीन ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण जीता। कुवैत ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे