एशियन खेल : पूजा ने ऊंची कूद में जीता कांस्य, 24 साल बाद भारत को मिला पदक

युगवार्ता    29-Sep-2026
Total Views |
भारतीय एथलीट पूजा


आइची-नागोया, 29 सितंबर (हि.स.)। भारत की राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक पूजा ने एशियन खेल-2026 में महिलाओं की ऊंची कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

पूजा ने फाइनल में 1.84 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। यह महिलाओं की ऊंची कूद में भारत का 24 साल बाद पहला एशियन खेल पदक है।

उज्बेकिस्तान की सैफुल्लाएवा ने 1.90 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान की क्रिस्टीना ओवचिन्निकोवा ने 1.87 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

पूजा ने इस साल की शुरुआत में एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.93 मीटर की छलांग लगाकर सहाना कुमारी का 14 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। एशियन खेल के फाइनल में भी 1.84 मीटर की छलांग लगाने के बाद वह कुछ समय तक शीर्ष पर थीं।

हालांकि, 19 वर्षीय पूजा 1.87 मीटर की ऊंचाई को तीनों प्रयासों में पार नहीं कर सकीं और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

महिलाओं की ऊंची कूद में भारत ने इससे पहले 2002 एशियन खेल में बॉबी एलोसियस के रजत पदक के रूप में पदक जीता था। उसके बाद यह इस स्पर्धा में भारत का पहला एशियन खेल पदक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags