बंगाल में जेएमबी नेटवर्क की आशंका, एनआईए ने पांच ठिकानों पर चलाया तलाशी अभियान

युगवार्ता    29-Sep-2026
Total Views |
एनआईए


कोलकाता, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रतिबंधित बांग्लादेशी आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े नेटवर्क और स्लीपर सेल तैयार करने की आशंका के बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई असम में दर्ज अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई।

एनआईए की टीमें दक्षिण दिनाजपुर के बंशीहारी, दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर, पूर्व बर्द्धमान समेत पांच स्थानों पर पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस की भी मदद ली गई। इसी मामले से जुड़े कुछ ठिकानों पर असम और केरल में भी तलाशी अभियान होने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया है कि असम में पिछले सप्ताह गिरफ्तार किए गए एक युवक से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर जेएमबी से जुड़े संपर्कों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद उसके लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों की जांच में पश्चिम बंगाल के कुछ युवाओं को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से राज्य में कथित जेएमबी मॉड्यूल सक्रिय करने की कोशिश से जुड़े सुराग मिलने का दावा किया गया। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली गई।

दक्षिण दिनाजपुर के बंशीहारी में एनआईए की चार सदस्यीय टीम ने पुलिस के साथ कुसकारी मुंदेहार इलाके में मिजानुर रहमान के घर की तलाशी ली। जांच का एक पहलू उनके बेटे मुजीबुर रहमान (26) से भी जुड़ा बताया जा रहा है।

परिवार के अनुसार, मुजीबुर उच्च शिक्षा के साथ संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कर रहा था और जनवरी तक घर पर था। इसके बाद से उसके बारे में परिवार को जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसके लापता होने और एनआईए की जांच के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जांच एजेंसी कथित ऑनलाइन कट्टरपंथ और युवाओं को प्रभावित करने के प्रयासों की भी पड़ताल कर रही है। तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजिटल दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।

पश्चिम बंगाल में जेएमबी से जुड़े मामलों की जांच पहले भी होती रही है। एनआईए के पुराने मामलों में पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड में संगठन के कथित नेटवर्क, भर्ती और कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच सामने आई है। जून, 2026 में भी एजेंसी ने पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर केंद्रित जेएमबी की एक कथित शाखा से जुड़े मामले में 11 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने की जानकारी दी थी।

मंगलवार को पांच ठिकानों पर हुई तलाशी के बाद अब जांच का दायरा बढ़ सकता है। एनआईए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि असम में गिरफ्तार व्यक्ति से सामने आए कथित संपर्कों का वास्तविक स्वरूप क्या है और क्या उनके बीच किसी संगठित नेटवर्क के प्रमाण मौजूद हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags