
खिलाड़ियों को पात्रता प्रमाणपत्र के साथ सक्षम स्तर से प्रमाणित जन्मतिथि प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य होगा
मुरादाबाद, 03 सितम्बर (हि.स.)। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में मुरादाबाद मंडल की टीमें उतारने के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए नेता जी सुभाषचंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम रामगंगा विहार, मुरादाबाद में इसी माह बैडमिंटन, बास्केटबॉल और कबड्डी के मंडलीय ट्रायल होंगे। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को पात्रता प्रमाणपत्र के साथ सक्षम स्तर से प्रमाणित जन्मतिथि प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य होगा।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सब जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन के मंडलीय ट्रायल सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 सितंबर को सुबह 11 बजे से होंगे। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 7 से 9 सितंबर तक गाजियाबाद में होगी। सब जूनियर बालक बास्केटबॉल के मंडलीय ट्रायल 5 सितंबर को सुबह 11 बजे होंगे।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने आगे बताया कि इसकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 11 से 14 सितंबर तक आजमगढ़ में होगी। जूनियर बालक कबड्डी के मंडलीय ट्रायल नौ सितंबर को सुबह 11 बजे होंगे। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 7 से 9 सितंबर तक अयोध्या में प्रस्तावित है, वहीं सब जूनियर बालक कबड्डी के मंडलीय ट्रायल 22 सितंबर को सुबह 11 बजे होंगे। इसकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 24 से 26 सितंबर तक फिरोजाबाद में होगी। क्रीड़ाधिकारी ने खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ पहुंचने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल