उपराष्ट्रपति ने सेशेल्स के संसदीय प्रतिनिधिमंडल से समुद्री सुरक्षा और एआई सहयोग पर की चर्चा

युगवार्ता    03-Sep-2026
Total Views |
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को संसद भवन में सेशेल्स की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष (स्पीकर) अजारेल अर्नेस्टा के नेतृत्व में भारत दौरे पर आए सेशेल्स के संसदीय प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

उप राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, इस बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न रणनीतिक और विकासात्मक मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई। वार्ता मुख्य रूप से समुद्री सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, समुद्री खाद्य पदार्थों (सी-फूड) के व्यापार में सहयोग और क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत-सेशेल्स साझेदारी को और मजबूत करने पर केंद्रित रही।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित भारत और सेशेल्स के अटूट द्विपक्षीय संबंधों को दोहराया। उन्होंने संसदीय कामकाज में सुधार और दक्षता बढ़ाने के लिए सेशेल्स के साथ भारत की एआई विशेषज्ञता विशेष रूप से अनुवाद और डिजिटल अभिलेखागार के क्षेत्र में साझा करने की तत्परता व्यक्त की। इसके साथ ही, उन्होंने दोनों देशों के बीच संसदीय स्तर पर और अधिक करीबी सहयोग एवं आदान-प्रदान का स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags