तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा को मुख्यमंत्री रेड्डी ने कैबिनेट से निकाला

युगवार्ता    03-Sep-2026
Total Views |
तेलंगाना की वन मंत्री  सुरेखा


हैदराबाद, 03 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा को गुरुवार को राज्य कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कोंडा सुरेखा को मंत्रिपरिषद से तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को इस संबंध में सिफारिश पहले ही भेजी जा चुकी है।

यह कार्रवाई तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) की अनुशासन समिति द्वारा उनकी बेटी द्वारा मुख्यमंत्री एवं अन्य नेताओं के खिलाफ की गई टिप्पणियों के संबंध में सख्त कार्रवाई की सिफारिश के बाद की गई है। समिति ने कोंडा सुरेखा को कैबिनेट से हटाने की सिफारिश की थी। 20 अगस्त को टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को अनुशासन समिति ने कोंडा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश करते हुए अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, तब से गांधी भवन में पार्टी आलाकमान के फैसले को लेकर काफी उत्सुकता और चर्चा थी।

कोंडा सुरेखा की बेटी कोंडा सुष्मिता ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री ने अपने भाई की शेल कंपनी को मामूली कीमत पर एक प्राइम लैंड (कीमती जमीन) की पेशकश की थी।

हालांकि वन मंत्री ने तर्क दिया कि उनकी बेटी की टिप्पणियों के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, लेकिन कुछ विधायकों ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

पार्टी आलाकमान ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री, वन मंत्री और कुछ अन्य मंत्रियों को तलब किया था। बैठकों के दौर के बाद आलाकमान ने कोंडा सुरेखा को कैबिनेट से हटाने को अपनी मंजूरी दे दी।

इसी तरह, जी. चिन्ना रेड्डी की तेलंगाना योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को भी तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया है और उनकी जगह नए उपाध्यक्ष के रूप में तेलंगाना महिला आयोग की अध्यक्ष गदवाल विजयालक्ष्मी को नियुक्त किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान में कहा गया कि नेरेल्ला शारदा को महिला आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इस राजनीतिक ड्रामे के बीच, भाजपा विधायक राजा सिंह ने आरोप लगाया कि कोंडा सुरेखा को राजनीतिक कारणों से नहीं, बल्कि कथित तौर पर पैसों के बंटवारे के विवाद के कारण पार्टी से बाहर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार हमेशा से कांग्रेस पार्टी का दूसरा नाम रहा है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags