यूएस ओपन: टियाफोए तीसरे दौर में, इग्नासियो बुसे ने जीत के साथ दादा की विरासत को आगे बढ़ाया

युगवार्ता    03-Sep-2026
Total Views |
अमेरिका के फ्रांसेस टियाफोए


न्यूयॉर्क, 03 सितंबर (हि.स.)।

अमेरिका के फ्रांसेस टियाफोए ने बुधवार को जापान के क्वालीफायर रेई सकामोटो को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन 2026 के तीसरे दौर में जगह बना ली। वहीं पेरू के इग्नासियो बुसे ने पांच सेट के रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर इस ग्रैंड स्लैम में अपनी पहली जीत हासिल की और अपने दादा एडुआर्डो की विरासत को आगे बढ़ाया।

दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी टियाफोए ने लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच सकामोटो को 6-3, 7-6(7-2), 7-5 से हराया। टियाफोए की नजर न्यूयॉर्क में 23 साल से चले आ रहे अमेरिकी पुरुष चैंपियन के इंतजार को खत्म करने पर है।

28 वर्षीय टियाफोए ने मैच के पहले ही गेम में सकामोटो की सर्विस तोड़ी और पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में वह जीत की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन लगातार दो डबल फॉल्ट ने सकामोटो को वापसी का मौका दे दिया। जापानी खिलाड़ी ने सेट को टाईब्रेक तक पहुंचाया, लेकिन दो बार यूएस ओपन सेमीफाइनल खेल चुके टियाफोए ने टाईब्रेक में शुरुआती पांच में से चार अंक जीतकर दो सेट की बढ़त बना ली।

सकामोटो ने मुकाबले में 18 ऐस लगाए, लेकिन 40 अनफोर्स्ड एरर भी किए। टियाफोए ने पहले दौर में पांच सेट तक चले मुकाबले के बाद इस बार सीधे सेटों में जीत दर्ज कर राहत की सांस ली। तीसरे दौर में उनका सामना कामिल माजच्राक या वैलेन्तिन वाशेरो से होगा।

बुसे ने दादा की विरासत को आगे बढ़ाया

पेरू के 32वीं वरीयता प्राप्त इग्नासियो बुसे ने भी बुधवार को अमेरिकी खिलाड़ी मार्कोस गिरोन को 3-6, 6-3, 6-3, 6-7(6-8), 6-1 से हराकर यूएस ओपन में अपनी पहली जीत दर्ज की। कोर्ट नंबर छह पर तीन घंटे 48 मिनट चले मुकाबले में जीत के साथ बुसे ने अपने परिवार के ग्रैंड स्लैम इतिहास में नया अध्याय जोड़ा।

22 वर्षीय बुसे ने पांचवें सेट में मानसिक मजबूती दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। मैच के बाद उन्होंने कहा, “ऐसे हालात में शांत रहना मुश्किल होता है, लेकिन पांचवें सेट में मैंने मानसिक रूप से खुद को संभालने की कोशिश की। यह मानसिक लड़ाई थी और मैंने शांत रहने की कोशिश की। यह मेरे लिए बेहद खास पल है।”

बुसे ने अपने दादा एडुआर्डो को कभी नहीं देखा, लेकिन उनकी जीत ने परिवार के यूएस ओपन से जुड़े करीब सात दशक पुराने रिश्ते को फिर जीवंत कर दिया। एडुआर्डो ने अपने जुड़वां भाई एनरिके के साथ टेनिस में पहचान बनाई थी और 1942 में इस टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा लिया था।

एडुआर्डो ने 1958 में अमेरिकी खिलाड़ी एडवर्ड एटकिंसन को पांच सेट में हराकर यूएस ओपन में अपनी आखिरी जीत दर्ज की थी। उस समय यह टूर्नामेंट ‘यूएस चैंपियनशिप’ के नाम से खेला जाता था और न्यूयॉर्क के फॉरेस्ट हिल्स स्थित वेस्ट साइड टेनिस क्लब के घास के कोर्ट पर आयोजित होता था। 1978 से यूएस ओपन हार्ड कोर्ट पर खेला जाने लगा।

पिछले सप्ताह विंस्टन-सेलम ओपन का खिताब जीतकर न्यूयॉर्क पहुंचे बुसे अब दूसरे दौर में बेंजामिन बोंजी के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags