
नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव की वजह से पहले 10 मिनट के कारोबार में मामूली गिरावट का रुख भी बना, लेकिन इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.39 प्रतिशत और निफ्टी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 154.60 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,724.95 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण कुछ ही देर में यह सूचकांक फिसल कर 76,705.02 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 296.05 अंक यानी 0.39 प्रतिशत उछल कर 76,866.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 83.50 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की छलांग लगा कर 23,997.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक लुढ़क कर 23,955.35 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी तेजी दिखाते हुए 24,025.40 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि इसके बाद इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 77.85 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,992.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,955 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,265 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 690 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 16 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 27 शेयर हरे निशान में और 23 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से अदानी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोल इंडिया के शेयर 1.63 प्रतिशत से लेकर 1.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, इंटरग्लोब एविएशन और आयशर मोटर्स के शेयर 1.33 प्रतिशत से लेकर 0.96 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 373.93 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,570.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 141.35 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,914.45 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक