हूती हमलों के बाद ईयू की एविएशन एजेंसी ने सऊदी एयरस्पेस के लिए जारी की एडवाइजरी

युगवार्ता    30-Sep-2026
Total Views |

ब्रसेल्स, 30 सितंबर (हि.स.)। सऊदी अरब में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हालिया हमलों में बढ़ोतरी के बाद यूरोपीय संघ (ईयू) की विमानन सुरक्षा एजेंसी (ईएएसए) ने सऊदी हवाई क्षेत्र को लेकर एयरलाइंस के लिए नई सुरक्षा सलाह जारी की है। एजेंसी ने अपने बुलेटिन में कहा है कि वह वहां की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और यूरोपीय एयरलाइंस के लिए जोखिम के स्तर में बदलाव का आकलन करती रहेगी।

ईएएसए की ताजा सलाह में आज हुई फ्लाईदुबई विमान की घटना का उल्लेख नहीं किया गया है। एजेंसी ने कहा कि सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की निगरानी जारी रहेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यूरोपीय एयरलाइंस के लिए खतरा बढ़ रहा है या कम हो रहा है।

इस बीच, ईएएसए ने जॉर्डन के हवाई क्षेत्र को लेकर भी अपनी सलाह कड़ी कर दी है। एजेंसी ने एक अलग बुलेटिन में यूरोपीय एयरलाइंस को जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में किसी भी ऊंचाई या फ्लाइट लेवल पर उड़ान नहीं संचालित करने की सिफारिश की है। इससे पहले एजेंसी ने केवल सावधानी बरतने की सलाह दी थी।

ईएएसए की ये सलाह मध्य पूर्व में हाल के बढ़ते सुरक्षा जोखिमों के बीच जारी की गई है। एजेंसी ने कहा है कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags