
कांकेर, 30 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सली डम्प बरामद किया है। बांदे-छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर ग्राम दागुनटोला-पुसगट्टा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में बुधवार को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प मिला। डम्प से 12 बोर की एक सिंगल बैरल रायफल, एक डबल बैरल रायफल, 11 कारतूस, दो प्रिंटर सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने कब्जे में ले लिया है।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निखिल राखेचा ने बरामदगी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित रहे सीमावर्ती इलाकों में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांकेर पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से लगातार संयुक्त सघन खोजी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के निर्देशन में तथा बीएसएफ के डीआईजी, भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर एसपी निखिल राखेचा और 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में संचालित सर्चिंग अभियान के तहत की गई।
अभियान में बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर एचएन. शर्मा और हनुमान सहाय मीणा टीम कमांडर रहे। सुरक्षा बलों की ओर से सीमावर्ती जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में तलाशी अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे