आईसीसी विश्वकप 2027 का कार्यक्रम गुरुवार को होगा जारी, प्रशंसकों के लिए टिकट बैलेट की भी होगी शुरुआत

युगवार्ता    30-Sep-2026
Total Views |
आईसीसी विश्व कप 2027 का कार्यक्रम गुरुवार को होगा जारी


मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप 2027 के कार्यक्रम की घोषणा 1 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में की जाएगी। यह आयोजन 2027 विश्वकप के लिए एक साल की उलटी गिनती की शुरुआत भी करेगा। टूर्नामेंट 2 अक्टूबर 2027 से शुरू होगा, जबकि फाइनल 21 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। इस दौरान प्रशंसकों के लिए टिकट बैलेट की शुरुआत भी की जाएगी। कार्यक्रम की घोषणा का सीधा प्रसारण रात 8:30 बजे से जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

14 टीमों के टूर्नामेंट में 30 सितंबर की क्वालिफिकेशन कट-ऑफ तक 10 टीमों की जगह तय हो चुकी है। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे प्रवेश मिला है, जबकि भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर जगह बनाई है। बाकी चार स्थानों का फैसला अगले साल की शुरुआत में होने वाले क्वालिफायर के जरिए होगा। दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को भी मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर से गुजरना होगा।

इस बीच, भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली आगामी विश्वकप में अपनी टीम के लिए खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के लिए यह उनका आखिरी आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप हो सकता है।

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने जियोस्टार से बातचीत में विश्वकप जीतने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा, आगामी वनडे विश्वकप जीतना शानदार होगा। मैं अभी इसे किसी चक्र के पूरा होने जैसी चीज के तौर पर नहीं देखना चाहता। भारत के लिए विश्वकप जीतना एक खास एहसास है। मैंने टी20 प्रारूप में इसे दो बार महसूस किया है।

रोहित ने 2007 टी20 विश्वकप और 2024 टी20 विश्वकप की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि विश्वकप जीतने का एहसास उनके अंदर अब भी है और वह उस अनुभव को फिर से महसूस करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, जब हमने 2024 में टी20 विश्वकप जीता, तब एहसास हुआ कि यह कितना महत्वपूर्ण था। वह भावना आज भी काफी हद तक मेरे अंदर है। मुझे पता है कि विश्वकप जीतना कैसा लगता है। इसलिए मैं उस भावना को फिर से महसूस करना चाहता हूं।

विराट कोहली ने भी कहा कि भारत के लिए यह उनका आखिरी विश्वकप होगा और उनका पूरा ध्यान खिताब जीतने पर रहेगा। उन्होंने जियो स्टार से बातचीत में कहा, मेरे लिए यह आखिरी विश्व कप है, जो मैं भारत के लिए खेलने वाला हूं। और यही मेरी प्रेरणा है। सबकुछ मैदान पर छोड़ देना है। निश्चित रूप से लक्ष्य विश्वकप जीतना है और इसके लिए जो भी करना पड़े, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।

कोहली ने आगे कहा, मेरा लक्ष्य टीम के लिए ज्यादा-से-ज्यादा मैच जीतना है और मेरा सपना है कि फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच जिताने वाली पारी खेलूं। अगर ऐसा होता है तो शानदार होगा। अगर ऐसा नहीं होता और हम विश्वकप जीत जाते हैं तो भी मैं उतना ही खुश रहूंगा। अंततः विश्वकप ट्रॉफी जीतना सबसे महत्वपूर्ण है।

आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप 2027 की कार्यक्रम घोषणा 1 अक्टूबर को रात 8:30 बजे से जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखी जा सकेगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags