दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.03 लाख करोड़ की चपत

युगवार्ता    30-Sep-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। सितंबर के आखिरी दिन आज घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव होता रहा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। दिन के कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अच्छी बढ़त बनाने में सफल रहे, लेकिन यह मजबूती दिन के दूसरे सत्र में टिक नहीं सकी। दोपहर 1:30 बजे के बाद चौतरफा बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से दोनों सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार में आज के कारोबार के दौरान हुए उतार-चढ़ाव का अंदाज इसी बात लगाया जा सकता है कि बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से 621.08 अंक उछल गया। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर इसने ऊपरी स्तर से 695.79 अंक तक गोता भी लगा दिया। इसी तरह निफ्टी दिन के पहले सत्र में ओपनिंग लेवल से 144.35 अंक की छलांग लगाने में सफल रहा। इसके बाद जब बिकवाली शुरू हुई तो यह ऊपरी स्तर से 214.15 अंक लुढ़क भी गया। बाजार की कमजोरी के कारण निवेशकों को आज 2.03 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) का नुकसान हो गया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 87.92 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,441.15 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने थोड़ी देर में ही सुधर कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 621.08 अंक उछल कर 533.16 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,062.23 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद बाजार में अगले एक घंटे तक इसी स्तर के आसपास कारोबार होता रहा। दोपहर दो बजे के थोड़ी देर पहले बाजार पर मंदड़िये हावी हो गए, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल कमजोर पड़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 695.79 अंक टूट कर 162.63 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,366.44 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 110 अंक से अधिक सुधर कर 48.78 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,480.29 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 51.20 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,665 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी तेजी का रुख बन गया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी कुछ देर में ही रिकवर कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा।

इस दौरान बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद खरीदारों ने लिवाली का जोर लगातार बनाए रखा, जिसकी वजह से दोपहर एक बजे के करीब यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 144.35 अंक की छलांग लगा कर 93.15 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,809.35 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक ने भी दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया।

शेयरों की लगातार हो रही बिक्री की वजह से शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 214.15 अंक लुढ़क कर 121 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,595.20 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि आखिरी वक्त में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से लगभग 25 अंक की रिकवरी कर 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,620.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण बीएसई का हेल्थ केयर इंडेक्स 2.35 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 1.43 प्रतिशत लुढ़क गया, वहीं बीएसई के मेटल इंडेक्स ने 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा कैपिटल गुड्स और एफएमसीजी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, रियल्टी, मीडिया और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों की आज लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, ऑटोमोबाइल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी का जोर बना रहा। खरीदारी के सपोर्ट से उतार -चढ़ाव का सामना करने के बावजूद निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 471.79 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 473.82 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.03 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,610 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,144 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,232 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 234 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,248 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,629 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,619 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान, 32 शेयर लाल निशान और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोटक महिंद्रा 2.71 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियेशन 2.30 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 2.28 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.15 प्रतिशत और विप्रो 1.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल 5.70 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 5.33 प्रतिशत, सिप्ला 2.41 प्रतिशत, एटरनल 2.39 प्रतिशत और अदानी एंटरप्राइजेज 2.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags