
मॉस्को, 30 सितंबर (हि.स./रिया नाेवाेस्ती)। अमेरिका का बॉम्बार्डियर आर्टेमिस II जासूसी विमान मंगलवार को रूस के कालिनिनग्राद इलाके के ऊपर करीब पाँच घंटे तक चक्कर लगाता रहा।
रिया नाेवाेस्ती द्वारा देखे गए फ़्लाइट डेटा के अनुसार, मंगलवार को यह विमान स्थानीय समयानुसार लगभग 05:50 बजे उड़ा था और लगभग 07:50 पर कालिनिनग्राद इलाके के ऊपर चक्कर लगाने वाले फ़्लाइट पाथ में दाखिल हुआ। इसने 12:35 तक इसी रास्ते का पालन किया, जिसके बाद यह दक्षिण-पश्चिम की ओर मुड़ गया।
इस विमान को अमेरिकी कंपनी लेडोस ने रडार से जासूसी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए एक बिज़नेस जेट से बदलकर तैयार किया था। इसके मिलिट्री मॉडिफ़िकेशन में इसे आर्टेमिस II नाम दिया गया। इसका इस्तेमाल नियमित रूप से कालिनिनग्राद इलाके के आसपास और क्रीमिया व रूस के अन्य दक्षिणी इलाकों के साथ-साथ काला सागर के ऊपर उड़ान भरने के लिए किया जाता है।
हाल के वर्षों में, रूस अपनी पश्चिमी सीमाओं के पास उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की अभूतपूर्व गतिविधियों और सैनिकों की तैनाती को लेकर चिंता जताता रहा है। क्रेमलिन ने कहा है कि रूस किसी को धमकी नहीं देता है लेकिन वह ऐसी कार्रवाइयों को नज़रअंदाज़ नहीं करेगा जो उसके हितों के लिए संभावित रूप से खतरनाक हो सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी