दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के बीच 9 उड़ानें डायवर्ट, 400 से ज्यादा उड़ानों में देरी

युगवार्ता    04-Sep-2026
Total Views |
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव का जारी फोटो


दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव का जारी फोटो


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। जन्माष्टमी पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआईए) पर जलभराव देखने को मिला है। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है, जहां 9 फ्लाइट्स डायवर्ट हुई, जबकि 400 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर मौजूद जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 400 से ज़्यादा उड़ानें देरी से चलीं। इसके अलावा 9 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं हैं, जिनमें 4 उड़ानें जयपुर, 4 लखनऊ और एक उड़ान अहमदाबाद भेजी गई। ये सभी उड़ानें 3.30 बजे से 4.30 बजे के बीच दूसरी जगहों पर भेजी गईं।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आज अचानक काले बादल छा गए और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने देर शाम तक तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। जन्माष्टमी उत्सव के लिए बाहर निकले लोग अचानक हुई इस मूसलाधार बारिश की चपेट में आ गए। जैसे ही बारिश तेज हुई, सड़कों पर पानी भर गया, हर तरफ छतरियां नजर आने लगीं, जबकि लोग बचने के लिए आश्रयों की ओर भागते दिखे।

दिल्ली में खराब मौसम की वजह से इंडिगो की उड़ानों पर भी असर पड़ा है। एयरलाइन ने कहा कि हम मौसम पर लगातार नज़र रख रहे हैं और आपको सुरक्षित और आसानी से आपकी मंजिल तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। एयरलाइन ने एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले वेबसाइट http://t.co/nTbt4mrMOX या ऐप पर अपनी फ़्लाइट का स्टेटस देखने की सलाह दी है।

एयर इंडिया ने कहा कि खराब मौसम की वजह से आज दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html पर उड़ान की ताज़ा जानकारी देख लेने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags