प्रधानमंत्री ने जॉर्जिया मेलोनी को दी बधाई

युगवार्ता    04-Sep-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली के इतिहास में बिना किसी रुकावट के सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने का नया रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, इटली के युद्ध-बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के भरोसे और विश्वास को दर्शाती है। भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनकी दोस्ती की अहम भूमिका रही है और मैं हमारे देशों के लोगों के लिए एक समृद्ध भविष्य बनाने के लिए हमारे करीबी सहयोग को जारी रखने की उम्मीद करता हूं। आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। तीन सितंबर 2026 को लगातार 1413 दिन पूरे करने के बाद उनकी सरकार 1946 में इटली के गणराज्य बनने के बाद से द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे लंबे समय तक निर्बाध रूप से सत्ता में रहने वाली पहली सरकार बन गई है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड तोड़ा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags