
नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 89वां संस्करण 6 सितंबर को सूरत में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस, खेल तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया सूरत में होने वाले साइकिलिंग अभियान का नेतृत्व करेंगे। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी इस पहल में हिस्सा लेंगे।
डॉ. मांडविया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का यह संस्करण युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने को समर्पित है। संडे ऑन साइकिल और अन्य फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से फिट इंडिया ऐसी पीढ़ी तैयार करने में मदद कर रहा है, जो स्वस्थ, आत्मविश्वासी और अनुशासित हो तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हो।”
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए नशे के दुरुपयोग को देश और युवाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बताया था। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए इस आयोजन के माध्यम से खेल और फिटनेस को नशे के खिलाफ जागरूकता के प्रभावी माध्यम के तौर पर बढ़ावा दिया जाएगा।
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का यह 89वां संस्करण ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत चलाए जा रहे 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान के साथ भी जुड़ा है। इस अभियान का उद्देश्य खेल, फिटनेस, जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से नशे के खिलाफ एक सतत जनआंदोलन तैयार करना है।
सूरत में साइकिलिंग कार्यक्रम सुबह 6 बजे मंगढ़ चौक स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा से शुरू होगा। साइकिल सवार मिनी बाजार और वराछा मुख्य मार्ग से होते हुए सारथाना चिड़ियाघर पहुंचेंगे, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
इस पहल में पद्मश्री से सम्मानित ओलंपियन अचंता शरत कमल, अर्जुन पुरस्कार विजेता सरिता मोर, पहलवान शिवानी पवार और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता राहुल मान सहित कई प्रमुख खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे