पश्चिम बंगाल में बोले धीरेंद्र शास्त्री- ये अकबर का नहीं रघुवर का देश है, रोकने वाले देख लें हम यहीं हैं

युगवार्ता    04-Sep-2026
Total Views |
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कोलकाता में


धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम


हावड़ा, 04 सितम्बर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार को हावड़ा में अपने अंदाज में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह अकबर का देश नहीं बल्कि रघुवर का देश है। उन्होंने कहा कि एक समय यहां बाबर के नाम पर चीजें बनाई जा रही थीं, लेकिन अब यहां जो भी बनेगा, वह रघुवर के नाम पर बनेगा।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “कुछ लोग कहते थे कि बाबा को पश्चिम बंगाल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मैंने कहा था कि भाई, कोई बात नहीं। अब हम यहां हैं।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मंत्री उमेश राय, विधायक संजय सिंह समिति गणमान्य लोग उपस्थित थे।

जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में दादा की सरकार है, राम भक्तों की सरकार है, भगवा सरकार है, अब यहां सब कुछ मंगलमय होगा, तब मुख्यमंत्री अधिकारी हाथ जोड़कर खड़े हो गए और उन्हें प्रणाम करते हुए नजर आए।

धीरेंद्र शास्त्री पहली बार कोलकाता में श्री हनुमंत कथा के आयोजन के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। उनके कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके स्वागत के लिए जुटे। भक्तों ने फूल-मालाएं पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर जय श्रीराम और बागेश्वर बालाजी के जयघोष से गूंज उठा।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री 4 से 6 सितंबर तक कोलकाता में रहेंगे। इस दौरान श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। उनके कार्यक्रम को लेकर कोलकाता और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में काफी उत्साह है। उनके स्वागत में कई जगह होर्डिंग और बैनर भी लगाए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कथा में पहुंचने की संभावना है।

2025 में अनुमति रद्द होने के बाद आया था बयानधीरेंद्र शास्त्री की मौजूदा यात्रा इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अक्टूबर 2025 में कोलकाता में प्रस्तावित उनकी हनुमंत कथा का कार्यक्रम अनुमति रद्द होने के कारण नहीं हो सका था। 10, 11 और 12 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं मिलने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर टिप्पणी की थी।

उन्होंने उस समय कहा था कि जब तक ‘दीदी’ रहेंगी, वह पश्चिम बंगाल नहीं आएंगे और ‘दादा’ के आने के बाद ही यहां आएंगे। अब करीब एक साल बाद वह न केवल पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं, बल्कि कोलकाता में पहली बार हनुमंत कथा भी कर रहे हैं।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags