



- केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया 2850 करोड़ रुपये की लागत से विस्तारित इंदौर मेट्रो का शुभारंभ
भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो शहरों के विकास के साथ उद्योग और व्यापार को गति देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
वर्ष-2014 में देश के केवल पांच शहरों में 245 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क संचालित था, जबकि आज 26 शहरों में लगभग एक हजार 170 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क होने जा रही है। मेट्रो के विस्तार की यह गति विश्व में अभूतपूर्व है और भारत शीघ्र ही मेट्रो नेटवर्क के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश बन सकता है।
केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल शनिवार को इंदौर में मेट्रो ट्रेन के नये चरण के लोकार्पण कार्यक्रम को बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर में मेट्रो के नए 11 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का शुभारंभ शहर के विकास की दिशा में मील का पत्थर है। पहले मेट्रो का लगभग 6 किलोमीटर का हिस्सा आउटर क्षेत्र तक सीमित था, लेकिन नए कॉरिडोर के जुड़ने से मेट्रो अब शहर के प्रमुख क्षेत्रों से भी जुड़ गई है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे शहर में आवागमन सुगम होगा और लोगों के समय की बचत होगी।
केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की आधारभूत संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शहरीकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिकीकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास होने पर ही भारत-2047 तक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि इंदौर मेट्रो के आगामी विस्तार से बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और उज्जैन सहित महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ने की दिशा में भी नई संभावनाएं बनेंगी। इससे इंदौर के उद्योग, व्यापार, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा आसपास के क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है और इंदौर इस दिल की धड़कन है। उन्होंने इंदौरवासियों को मेट्रो के नए चरण की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा 2 हजार 850 करोड़ रुपये की लागत से सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर तक मेट्रो कॉरिडोर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू, मप्र के मंत्रीगण कैलाश विजयवर्गीय व तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायकगण गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, मधु वर्मा तथा उषा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण मौजूद थे।
मेट्रो परियोजना का मूल उद्देश्य, पीथमपुर-महू से देवास-उज्जैन और आगे मक्सी तक विस्तार करना: विजयवर्गीय
मप्र के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जब इंदौर मेट्रो की योजना का मूल उद्देश्य शहर के भीतर आवागमन को सुगम करने के साथ ही इंदौर के विस्तार को गति देना और शहर को विकेंद्रित करना था। इसी मूल उद्देश्य को पूरा करने के लिये मेट्रो परियोजना का विस्तार पीथमपुर, महू, देवास- मक्सी और उज्जैन तक किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि पहला चरण शहर में पूरा होने के बाद दूसरे चरण का काम आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी इसके लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की है। इसके बाद मेट्रो को पीथमपुर तक ले जाने की योजना है। आगे औद्योगिक क्षेत्रों से होते हुए उज्जैन, अवंतिकापुरी और मक्सी तक इसके विस्तार की परिकल्पना है।
विजयवर्गीय ने कहा कि अगले 10 से 15 वर्षों तक इंदौर क्षेत्र में मेट्रो का काम लगातार चलता रहेगा। यह एक दीर्घकालिक योजना है, जिसके माध्यम से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो का उद्देश्य केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि शहर का विकेंद्रीकरण और तेज गति से समग्र विकास करना है।
उन्होंने कहा कि इंदौर में मेट्रो का एक बड़ा हिस्सा तैयार हो चुका है। शहर के नागरिकों की मांग और इंदौर की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख हिस्सों में मेट्रो को भूमिगत करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि एमजी रोड जैसी प्रमुख और सुंदर सड़कों पर मेट्रो के खंभे लगने से शहर के सौंदर्य पर असर पड़ सकता था। इसलिए इसे भूमिगत करने के लिए प्रयास किए गए।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि भूमिगत मेट्रो परियोजना से बजट में कुछ वृद्धि अवश्य होगी, लेकिन इससे इंदौर की सुंदरता और पहचान सुरक्षित रहेगी। कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने बटन दबाकर मेट्रो का शुभारंभ किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर