महिला एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 55 रन पर समेटा, सात विकेट से दर्ज की शानदार जीत

युगवार्ता    05-Sep-2026
Total Views |
विकेट लेने के बाद खुशी मनाती शेफाली वर्मा और ऋचा घोष


दुबई, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 में शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में महज 55 रन पर ढेर हो गई। जवाब में भारत ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 56 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।

पाकिस्तान की पारी पूरी तरह भारतीय गेंदबाजों के सामने बिखर गई। एक समय पाकिस्तान ने बिना विकेट खोए 27 रन बना लिए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सकती है। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा शिकंजा कसा कि पाकिस्तान ने केवल आठ रन के अंदर अपने छह विकेट गंवा दिए और उसका स्कोर 27 रन पर बिना नुकसान से 35 रन पर छह विकेट हो गया।

पाकिस्तान की ओर से केवल दो बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सकीं। मुनीबा अली ने 15 गेंदों पर 13 रन बनाए, जबकि शवाल जुल्फिकार ने 14 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली। इनके अलावा पाकिस्तान का कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी का सामना नहीं कर सका।

शुरुआत में मुनीबा अली को कुछ मौके मिले, लेकिन शेफाली वर्मा ने अंततः उन्हें बोल्ड कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। इसके बाद श्री चरणी ने पावरप्ले के अंतिम ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। भारतीय स्पिनरों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज लगातार दबाव में नजर आईं और एक के बाद एक विकेट गंवाती चली गईं।

श्री चरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 3.1 ओवर में केवल सात रन देकर तीन विकेट हासिल किए। प्रेमा रावत ने भी तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने तीन ओवर में सिर्फ नौ रन दिए। दीप्ति शर्मा ने दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया, जबकि शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।

भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पाकिस्तान की सलामी जोड़ी के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर साझेदारी नहीं बना सकी। लगातार गिरते विकेटों के कारण पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में 55 रन पर सिमट गई। यह पाकिस्तान का महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सबसे कम स्कोर है। वहीं, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत द्वारा दिए गए पांच सबसे कम स्कोर में भी यह प्रदर्शन शामिल हो गया।

शेफाली ने पहली गेंद पर लगाया छक्का, फिर फातिमा ने बरपाया कहर

56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी पूरी तरह आसान नहीं रही। शेफाली वर्मा ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने पहले ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया, जिससे लगा कि भारत पावरप्ले के भीतर ही लक्ष्य हासिल कर लेगा।

हालांकि पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को झटके दिए। उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में पहले शेफाली वर्मा को 12 रन के निजी स्कोर पर अपनी ही गेंद पर कैच किया और फिर प्रतीका रावल को चार रन पर आउट कर दिया। इसी ओवर में भारत को एक और झटका लगा और फातिमा ने स्मृति मंधाना को नौ रन पर पवेलियन भेज दिया। इस समय भारत का स्कोर 29 रन पर तीन विकेट था।

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने बिना कोई और विकेट गंवाए लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया। हरमनप्रीत ने नाबाद 18 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। हरमनप्रीत ने छक्का लगाकर भारत की जीत पर मुहर लगाई।

भारत ने 8.4 ओवर में 56 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने महिला एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान को मजबूत शुरुआत दी और गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी दबदबा कायम रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags