नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक सात सितंबर को गोवा की राजधानी पणजी में होगी। बैठक में पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
गृह मंत्रालय के अनुसार, पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद में गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के अलावा केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव शामिल हैं। राज्यों के पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 15 से 22 के तहत गठित पांच क्षेत्रीय परिषदों में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद भी शामिल है।
अमित शाह परिषद के अध्यक्ष हैं, जबकि गोवा के मुख्यमंत्री इसके उपाध्यक्ष हैं। सदस्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों में से एक मुख्यमंत्री को प्रतिवर्ष रोटेशन के आधार पर परिषद का उपाध्यक्ष बनाया जाता है। बैठक का आयोजन केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय द्वारा किया जा रहा है और इसकी मेजबानी गोवा सरकार कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहकारी संघवाद पर आधारित ‘टीम भारत’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने में क्षेत्रीय परिषदों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ये परिषदें दो या अधिक राज्यों तथा केंद्र और राज्यों से जुड़े मुद्दों पर संवाद और चर्चा का मंच उपलब्ध कराती हैं।
जून 2014 से अब तक विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और उनकी स्थायी समितियों की 70 बैठकें हो चुकी हैं। आगामी बैठक में महिलाओं और बच्चों से दुष्कर्म के मामलों की त्वरित जांच, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट, ईआरएसएस-112, खाद्य सुरक्षा, बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली सुधार, शहरी नियोजन, सहकारिता, साइबर अपराध और डिजिटल बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार