
-बारासात में दो दशक बाद ईस्ट बंगाल-मोहन बागान डर्बी, 20 हजार से अधिक समर्थकों की संभावना
कोलकाता, 06 सितंबर (हि.स.)। करीब दो दशक के लंबे अंतराल के बाद उत्तर 24 परगना जिले के मुख्यालय बारासात में एक बार फिर फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबलों में शुमार डर्बी मैच का रोमांच देखने को मिलेगा। सोमवार, सात सितंबर को बारासात के विद्यासागर क्रीड़ांगन में कोलकाता मैदान के दो दिग्गज क्लब ईस्ट बंगाल और मोहन बागान आमने-सामने होंगे। मुकाबले को लेकर दोनों क्लबों के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
मैच से पहले रविवार को बारासात पुलिस ने प्रेस वार्ता कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मैच के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्टेडियम और आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के साथ स्टेडियम में दर्शकों के प्रवेश और निकास पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।
बारासात पुलिस जिले की पुलिस अधीक्षक जे. मार्सी ने बताया कि मैच को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टेडियम के अंदर दर्शकों की सुरक्षा से लेकर बाहर यातायात नियंत्रण तक हर स्तर पर व्यवस्था की गई है।
विद्यासागर क्रीड़ांगन में दर्शकों के बैठने की क्षमता करीब 12 हजार है। हालांकि, ईस्ट बंगाल और मोहन बागान जैसे लोकप्रिय क्लबों के बीच डर्बी मुकाबले को देखते हुए 20 हजार से अधिक समर्थकों के बारासात पहुंचने की संभावना है। ऐसे में स्टेडियम की क्षमता से अधिक संभावित भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।
पुलिस ने समर्थकों से निर्धारित नियमों का पालन करने और बिना टिकट स्टेडियम के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच भी की जाएगी। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था की गई है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बड़ी संख्या में समर्थकों के वाहनों से बारासात पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग की भी अलग व्यवस्था की गई है। मोहन बागान और ईस्ट बंगाल समर्थकों के वाहनों के लिए कचहरी मैदान और किशलय होम के मैदान को पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
मैच के मद्देनजर सोमवार दोपहर तीन बजे से बारासात के केएनसी रोड पर आम लोगों के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए की गई है।
मैच सोमवार को होने के कारण स्कूल, कॉलेज, कार्यालय और अदालतों में सामान्य गतिविधियां भी जारी रहेंगी। ऐसे में पुलिस के सामने मैच की भीड़ के साथ-साथ नियमित यातायात को सुचारु बनाए रखने की भी चुनौती होगी।
विद्यासागर क्रीड़ांगन के आसपास कई महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान स्थित हैं। इनमें बारासात पीरीचरण गवर्नमेंट स्कूल, कालीकृष्ण स्कूल, गर्ल्स स्कूल सहित दो अन्य प्राथमिक विद्यालय और बारासात गवर्नमेंट कॉलेज शामिल हैं। इन संस्थानों में अर्धवार्षिक और सेमेस्टर परीक्षाएं भी चल रही हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि मैच के दौरान माइक से होने वाली घोषणाओं, सुरक्षा निर्देशों और समर्थकों की आवाजाही से परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
कुल मिलाकर पुलिस और प्रशासन के सामने 12 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के आसपास संभावित 20 हजार से अधिक समर्थकों की भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को संभालना सबसे बड़ी चुनौती है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा