विपक्ष के विरोध के बावजूद भारत के विकास की गति नहीं रुकेगी : नितिन नवीन

युगवार्ता    06-Sep-2026
Total Views |
भाजपा अध्यक्ष नतिन नवीन।


नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नाराज फूफा’ वाले बयान को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश के विकास, विरासत और संस्कृति से जुड़ी हर उपलब्धि पर नाराजगी होती है लेकिन उसके विरोध के बावजूद भारत के विकास की गति नहीं रुकेगी और विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

नितिन नवीन ने रविवार को जारी वीडियो में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में युवाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष के कुछ नेताओं की तुलना ‘नाराज फूफा’ से की थी। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हर बात से असंतुष्ट रहते हैं और किसी सकारात्मक दिशा में आगे नहीं बढ़ पाते।

भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष से सवाल किया कि अगर भारत विकास कर रहा है तो उसे नाराजगी क्यों होती है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया गया, तब भी विपक्ष नाराज हुआ। नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब देश में नक्सलवाद जड़ों से समाप्त होने की दिशा में बढ़ रहा है, तब भी विपक्ष को नाराजगी है।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं लेकिन विपक्ष इस उपलब्धि पर भी नाराज है। विपक्ष देश के विकास, विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ते हुए नहीं देख पा रहा है और निजी स्वार्थ तथा राजनीतिक प्रतिष्ठा तक सीमित हो गया है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की स्थिति आज उसी ‘नाराज फूफा’ जैसी हो गई है, जो हर बात पर असंतुष्ट रहता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को देश की जनता और भाजपा मिलकर पूरा करेगी तथा विपक्ष की नाराजगी भारत के विकास को नहीं रोक पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags