राहुल गांधी ने किया महाराष्ट्र के छात्र आंदोलन का समर्थन

युगवार्ता    06-Sep-2026
Total Views |
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सड़कों पर उतरे हजारों छात्रों की परेशानी केवल किसी एक परीक्षा या भर्ती से जुड़ी नहीं है, बल्कि यह पूरे व्यवस्था से टूट चुके भरोसे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्रों की हर मांग उनके सफल भविष्य के लिए जायज है और सरकार को उनकी आवाज सुनकर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

राहुल गांधी ने एक्स पर कहा कि महाराष्ट्र में हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार से छात्र परेशान हैं। पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां, शिक्षा की बढ़ती लागत, छात्रावासों में अमानवीय हालात, खराब भोजन और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण में कथित धोखाधड़ी जैसी समस्याओं से छात्र जूझ रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता को लेकर कहा कि इस संस्था पर कब्जा कर उसकी विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया गया है।

राहुल ने सरकार से छात्रों की मांगों पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की आवाज नहीं सुनी गई तो न्याय मिलने तक उनके आंदोलन की गूंज और तेज होती जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags