(अपडेट) दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में 2 की मौत, अमित शाह ने जताया दुख

युगवार्ता    06-Sep-2026
Total Views |
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हादसे स्थल पर बचाव कार्य की निगरानी करते हुए


नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में रविवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में (पीजी) इमारत गिरने के बाद एम्स ट्रॉमा सेंटर में लाए गए हादसे में घायल 07 लोगों में से 02 की मौत हो चुकी है। इमारत के मलबे में कई अन्य छात्रों के फंसे होने की आशंका है। मौके पर व्यापक स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, दिल्ली के पुलिस कमिश्नर और एनडीआरएफ के डायरेक्टर जनरल से बात कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ मिलकर तेजी से बचाव कार्य कर रहे हैं। घायलों को हर जरूरी मेडिकल मदद दी जा रही है। उन्होंने सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि तालमेल बिठाकर काम करें और मौके पर तेजी से बचाव कार्य सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसा स्थल का दौरा किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएम), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एमसीडी और सिविल डिफेंस की टीमें युद्धस्तर पर बचाव कार्य कर रही हैं। एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को खाली करा लिया गया है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालात पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Tags