
दुर्ग/रायपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए भीषण इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के छात्र युवराज सोनी (20 वर्ष) की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम का छात्र था।
युवराज छुट्टियां बिताकर महज तीन दिन पहले ही दिल्ली लौटा था। अचानक हुए इस हादसे की खबर मिलते ही दुर्ग में उसके परिवार और परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। दुर्ग में रहने वाले उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
युवराज के दिल्ली के दोस्त आर्यन ने बताया है कि वह मोबाइल फोन पर युवराज से बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान ही अचानक फोन पर युवराज की आवाज आनी बंद हो गई। फोन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद अचानक कॉल कट गई। इसके बाद आर्यन को उसे सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिरने की जानकारी मिली।कुछ घंटों तक चली तलाश के बाद आर्यन को जानकारी मिली कि युवराज की मौत हो चुकी है और उसका शव एम्स के ट्रॉमा सेंटर में रखा गया है।
दुर्ग के एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने जानकारी दी है कि घटना की सूचना मिलते ही युवराज के परिजन तत्काल दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि युवराज सोनी मेडिकल स्टोर चलने वाले कन्हैया सोनी का इकलौता बेटा था। परिवार में माता-पिता और उसकी छोटी बहन है, जो 9वीं कक्षा में पढ़ती है।प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।
युवराज पिछले करीब एक साल से दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था। 31 अगस्त को ही वह राखी की छुट्टी मनाकर दुर्ग से दिल्ली गया था और एक सितंबर को दिल्ली पहुंचा था।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा