मप्र के सागर में जहरीली शराब पीने से चार और ग्रामीणों की मौत, मृतकों की संख्या 22 हुई

युगवार्ता    07-Sep-2026
Total Views |
जहरीली शराब के पीड़ितों से मिले उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल


- 100 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती, शराब ठेकेदार समेत 30 के खिलाफ केस दर्ज, 10 गिरफ्तार

भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंड़ा तहसील में जहरीली शराब से रविवार देर से लेकर सोमवार दोपहर तक 4 और ग्रामीणों की मौत हो गई। इसके बाद मृतकों का आंकड़ा 22 पहुंच गया है। मामले में शराब बेचने वाले ठेकेदार समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें से 10 को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौरतलब है कि शनिवार की रात बंड़ा तहसील के ग्राम घूघर, नौराज, गूगरा खुर्द, बराज और आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद कुछ लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया। रविवार शाम तक कुल 18 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 100 से ज्यादा लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया था।

इनमें से सोमवार सुबह महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले एयरलिफ्ट कर भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी की रविवार देर रात को मौत हुई थी। इन चार लोगों की मौत के बाद जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 22 हो गई है।

मृतकों के नाम

पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी पुत्र साहब सिंह (45), ग्राम गूगरा खुर्द, दिग्विजय लोधी पुत्र देवेन्द्र लोधी (28), ग्राम नौराज, करतार सिंह लोधी पुत्र जोधन लोधी (30), ग्राम नौराज, उजियार सिंह लोधी पुत्र विजय सिंह लोधी (56), ग्राम गूगरा खुर्द, रोशन लोधी पुत्र जगन्नाथ (30), ग्राम पाटन थाना विनायका और राजेंद्र पुत्र मूरत लोधी (32), ग्राम नौराज, गूगरा, हरनाम पुत्र घनश्याम राय (42) ग्राम चौका, उत्तम नत्थू नायक (42) ग्राम दलपतपुर, सुमेर सिंह दांगी (47) पुत्र पूरन ग्राम बमूरा, राजकुमार लोधी (47) पुत्र नन्नई लोधी, ग्राम बमूरा, सुरेन्द्र अहिरवार (35) पुत्र सुखलाल ग्राम लिधौरा के अलावा सचिन (25), कुलदीप दांगी (20), महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50), भगवान सिंह (35), गोपाल आदिवासी (40), देश कुमार लोधी, गोविंद सिंह (62), कम्मू (50), रामप्रसाद सिंह लोधी और कृष्ण कुमार लोधी शामिल हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी प्रभावित गांवों में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को एहतियातन सील कर सैंपलिंग और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इधर, मामला सामने आने के बाद ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया और आबकारी और पुलिस विभाग के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त के आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया है, वहीं पुलिस विभाग ने भी इस प्रकरण में बंडा थाना प्रभारी सतीश कुशवाहा और गुगरा चौकी प्रभारी एसआई पूरन लाल लड़िया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामले में बंड़ा थाना पुलिस ने बरेठी के लाइसेंसी शराब ठेकेदार यशवंत सिंह, सिद्धार्थ कुशवाहा जुझार लोधी, दिनेश सिंह, सौरभ लोधी, गोविंद लोधी, मनोहर लोधी, मनीष लोधी, आशीष साहू, आकाश राय, रहीम खान, सत्यम, आशाराम, अरविंद, रोहित, माखन, अनिकेत गंधर्व, विशाल लोधी, मंगल रजक, विशाल लोधी, राजा सिंह, राम सिंह लोधी, चंद्रभान राजपूत, अरविंद यादव, भगवान सिंह, मान सिंह अहिरवार समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि शराब मामले में बंडा और विनायका थाने में 25 से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उनसे शराब के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। मामले के सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री मृतकों एवं प्रभावितों के परिजनों से मिले, बंधाया ढांढसइधर, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को बंडा क्षेत्र में अवैध, जहरीली शराब हादसे से प्रभावित गांवों का सघन दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि दुख की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बंडा, शाहगढ़ तहसील के ग्राम बमूरा भेड़ा, नौराज, गूगरा खुर्द, धुरमार, चौका, हनौती एवं पापेट पहुंचकर पीड़ित तथा मृतक परिवारों के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हृदय विदारक घटना है और प्रभावित परिवार कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने परिजन को सांत्वना देते हुए स्पष्ट किया कि शासन की ओर से नियमानुसार सभी प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

शुक्ल ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त शराब माफियाओं और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। परिजन द्वारा की गई मांग पर उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा अब तक 10 से अधिक आरोपितों को हिरासत में लिया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और वितरण के मुख्य स्रोत तक पहुंचकर जड़ों को पूरी तरह समाप्त किया जाए, जिससे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags