नितिन नवीन 9 सितंबर से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर

युगवार्ता    07-Sep-2026
Total Views |
कार्यशाला के सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन


नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार (9 सितंबर) से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी के सांगठनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न उच्चस्तरीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे, युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे तथा पूर्व सैनिकों एवं पंजाबी समुदाय द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। वह भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोर कमिटी के साथ बैठक भी करेंगे।

भाजपा के बयान के अनुसार

प्रवास के पहले दिन बुधवार को दोपहर 1:30 बजे नितिन नवीन नैनीताल पहुंचेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे रुद्रपुर में पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में संगठन की प्राथमिकताओं, जन-कल्याणकारी नीतियों के प्रसार तथा राज्यभर में पार्टी गतिविधियों को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। उसके बाद शाम 5 बजे वे रुद्रपुर में ही प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और प्रदेश कोर कमिटी के साथ बैठक भी करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के साथ आगामी चुनावी रणनीति, संगठनात्मक विषयों तथा समसामयिक राजनीतिक परिदृश्य की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को सुबह 9:30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे वे रुद्रपुर में 'युवा संवाद' कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता व उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर पार्टी का दृष्टिकोण साझा करेंगे। दोपहर 12 बजे नवीन हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 12:15 बजे वे 'पूर्व सैनिक सम्मेलन' में सहभागिता कर देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जांबाज पूर्व सैनिकों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags