यूक्रेन ने नाटो से एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति तेज करने की अपील की

युगवार्ता    07-Sep-2026
Total Views |

ब्रसेल्स, 07 सितंबर (हि.स.)। यूक्रेन ने रूस के संभावित ड्रोन और मिसाइल हमलों से निपटने के लिए नाटो सहयोगियों से वायु और मिसाइल रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति में तेजी लाने की अपील की है। यह मांग मंगलवार को होने वाली यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह की ‘रामस्टीन’ बैठक से पहले उठाई गई है।

ब्रसेल्स में सोमवार को आयोजित नाटो-यूक्रेन परिषद की विशेष बैठक में यूक्रेनी अधिकारियों ने रूस से मौजूदा हवाई खतरे का आकलन पेश किया और तत्काल आवश्यक एयर डिफेंस उपकरणों की सूची सहयोगी देशों के सामने रखी। बैठक की अध्यक्षता नाटो महासचिव मार्क रूटे ने की।

यूक्रेन के उप रक्षा मंत्री सेरही बोयेव ने कहा कि उनके देश को मदद अभी और तत्काल चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि हथियारों की कुल संख्या से अधिक महत्वपूर्ण उनकी समय पर आपूर्ति है, क्योंकि यूक्रेन को आगामी सर्दियों में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करने की तैयारी करनी है।

यूक्रेन ने सहयोगी देशों से वर्ष के अंत तक सैन्य सहायता के लिए नाटो के निर्धारित 70 अरब यूरो के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने का भी आग्रह किया है। इसमें 2026 के लिए यूरोपीय संघ के यूक्रेन सहायता ऋण से सैन्य मदद के लिए निर्धारित 28.3 अरब यूरो भी शामिल हैं।

मंगलवार को होने वाली रामस्टीन बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए होगी। इसमें नाटो और यूरोपीय देशों के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। बैठक में एयर और मिसाइल डिफेंस सहयोग का प्रमुख मुद्दा बने रहने की संभावना है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लंबे समय से अमेरिकी पैट्रियट मिसाइलों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यूक्रेन का अनुमान है कि उसे वर्ष के अंत तक करीब 300 इंटरसेप्टर की जरूरत पड़ सकती है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags