दुनिया के शीर्ष पांच प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के डाकेश्वर वर्मा

युगवार्ता    07-Sep-2026
Total Views |
रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डाॅ. डाकेश्वर कुमार वर्मा


रायपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डाॅ. डाकेश्वर कुमार वर्मा को ग्लोबल साइंटिस्ट इंडेक्स 2026 में दुनिया के शीर्ष पांच प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान मिला है।

डॉ. डाकेश्वर कुमार वर्मा कोसितंबर 2026 को जारी की गई ग्लोबल साइंटिस्ट इंडेक्स की रैंकिंग में शामिल किया गया है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान रैंकिंग संगठन 'एडी साइंटिफिक इंडेक्स' द्वारा जारी वैश्विक डेटाबेस में शामिल किया गया है। यह एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो दुनिया भर के वैज्ञानिकों और विश्वविद्यालयों के शोध कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन और रैंकिंग करती है।

उनका मुख्य शोध कार्बनिक यौगिकों के डिजाइन, निर्माण और रसायन विज्ञान से जुड़े अन्य अनुसंधानों पर केंद्रित है। उनके कई अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र भी प्रकाशित हो चुके हैं। राजनांदगांव जिले के घुमका निवासी डाॅ. वर्मा की यह उपलब्धि उनके शोध कार्यों के साथ छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

डाॅ. वर्मा का शोध ग्रीन केमिस्ट्री, क्वांटम केमिस्ट्री, नैनोमैटेरियल्स और कार्बनिक यौगिकों के निर्माण व डिजाइन पर केंद्रित है। गूगल स्कॉलर के अनुसार उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 से अधिक शोधपत्र व समीक्षा लेख और 41 पुस्तक-अध्याय लिखे हैं। उनके नाम एक डिजाइन पेटेंट और दो प्रकाशित पेटेंट भी हैं। वे 50 से अधिक शोध पत्रिकाओं के समीक्षक हैं।

उनका एच-इंडेक्स 32 और आई-10 इंडेक्स 52 है। वे 22 प्रकाशित और सात आगामी पुस्तकों के प्रमुख संपादक भी रहे हैं, जिनका प्रकाशन अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रकाशकों द्वारा किया जा रहा है। उनके काम को दुनिया भर के शोधकर्ताओं द्वारा 4,700 से अधिक बार उद्धृत किया जा चुका है। डॉ. वर्मा को यह स्थान एडी साइंटिफिक इंडेक्स रैंकिंग के तहत दिया गया है, जो दुनिया भर के वैज्ञानिकों के शोध के प्रभाव का मूल्यांकन करती है। यह रैंकिंग किसी वैज्ञानिक के केवल पेपर पब्लिश करने की संख्या पर नहीं, बल्कि उनके एच -इंडेक्स , आई 10-इंडेक्स और कुल साइटेशन स्कोर पर आधारित होती है।वह न केवल विश्व के शीर्ष 5फीसदी वैज्ञानिकों में शामिल हैं, बल्कि इस रैंकिंग के तहत पूर्व में भारत के शीर्ष 3 प्रतिशत वैज्ञानिकों में भी स्थान बना चुके हैं।

डाॅ. वर्मा की उपलब्धि पर महाविद्यालय की संस्था प्रमुख डा. सुचित्रा गुप्ता, प्राध्यापकों और रजिस्ट्रार दीपक परगनिहा ने बधाई दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags