मलेशिया में किशनगंज के करीब 40 युवकों की गिरफ्तारी का दावा

युगवार्ता    08-Sep-2026
Total Views |
एक्सपायर वीजा के मामले में मलेशिया में किशनगंज के 40 युवकों की गिरफ्तारी का दावा


किशनगंज, 08 सितंबर (हि.स.)। मलेशिया में एक्सपायर वीजा के साथ काम करने के आरोप में किशनगंज के करीब 40 युवकों को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, युवकों की गिरफ्तारी और उनकी वीजा स्थिति की मलेशिया पुलिस या स्थानीय प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गिरफ्तारी से संबंधित कुछ वीडियो कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम को भेजे गए थे, जिन्हें उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। पूर्व विधायक के अनुसार, गिरफ्तार युवकों में रौटा थाना क्षेत्र के काछटोला-शीशाबाड़ी निवासी मो. नासिक भी शामिल हैं। बताया गया है कि नासिक ने मलेशिया से वीडियो भेजकर वहां की स्थिति की जानकारी दी। वीडियो में कुछ युवकों के हाथों में हथकड़ी दिखाई दे रही है।

मुजाहिद आलम ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि मलेशिया की पुलिस और इमिग्रेशन विभाग ने युवकों को उनके कार्यस्थल से हिरासत में लिया। आरोप है कि ये युवक वैध वीजा के बिना मलेशिया में काम कर रहे थे। पूर्व विधायक के मुताबिक, युवक करीब सात महीने पहले नाहिद गनी के माध्यम से मलेशिया गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश भेजने के नाम पर युवकों से बड़ी रकम ली गई थी। कई युवकों ने इसके लिए कर्ज भी लिया था। पोस्ट के अनुसार, करीब पांच दिन पहले समूह में शामिल कुछ युवकों ने जंगल में छिपकर वीडियो कॉल के जरिए अपनी परेशानी परिजनों और अन्य लोगों तक पहुंचाई थी। बताया गया कि इमिग्रेशन विभाग की कार्रवाई के डर से वे जंगल में छिपे हुए थे।

पूर्व विधायक ने युवकों की स्थिति को लेकर सवाल उठाते हुए नाहिद गनी पर गंभीर आरोप लगाए और मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रोजगार की उम्मीद में कर्ज लेकर विदेश गए युवकों को अब कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।

मुजाहिद आलम ने यह भी आरोप लगाया कि नाहिद गनी के खिलाफ आवाज उठाने पर उनके समर्थकों ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया।

फिलहाल पूरे मामले की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। युवकों की गिरफ्तारी, उनके वीजा की स्थिति और उन्हें मलेशिया भेजने की प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Tags