हर्षित की कला ने छू लिया प्रधानमंत्री मोदी का दिल, हीराबा संग तस्वीर पाकर मुस्कुराए

युगवार्ता    08-Sep-2026
Total Views |
हर्षित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यही  कलाकृति भेंट की


वडोदरा, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंगलवार को गुजरात के वडोदरा दौरे के दौरान सोमनाथ से विशेष रूप से कार्यक्रम में पहुंचे युवा हर्षित देवाणी ने प्रधानमंत्री को हीराबा और उनके साथ की अपनी बनाई तस्वीर भेंट की। इस तस्वीर ने प्रधानमंत्री का दिल छू लिया। हर्षित ने यह कलाकृति अपने हाथों से तैयार की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने हर्षित की कलाकृति स्वीकार कर खुश दिखाई दिए।

हर्षित ने बताया कि वह सोमनाथ से विशेष रूप से आज के कार्यक्रम के लिए वडोदरा पहुंचे थे। उन्होंने हीराबा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ यह तस्वीर तैयार की थी और इसे प्रधानमंत्री को भेंट करने की इच्छा थी। इससे पहले भी एक बार प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी कलाकृति की सराहना की थी। इसी कारण हर्षित को विश्वास था कि इस बार भी प्रधानमंत्री उनकी कलाकृति स्वीकार करेंगे।

प्रधानमंत्री द्वारा उनकी बनाई तस्वीर स्वीकार किए जाने के बाद हर्षित काफी भावुक और उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को इतने करीब से देखने और अपनी बनाई कलाकृति उन्हें भेंट करने का अवसर उनके लिए यादगार है।

हर्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और उनके व्यक्तित्व से उन्हें काफी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देखकर उन्हें भी देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिलती है। उनका मानना है कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने क्षेत्र में पूरी मेहनत करते हुए देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। हर्षित के लिए प्रधानमंत्री को अपनी कलाकृति भेंट करना और उसे स्वीकार किए जाने का क्षण विशेष उपलब्धि बन गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags