
- विदिशा में कैंसर डे केयर सेंटर में स्थानीय स्तर पर मरीजों को मिलेगी उपचार की सुविधा: शिवराज सिंह
विदिशा, 08 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ.जितेन्द्र सिंह ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के विदिशा में अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में टाटा कैंसर अस्पताल, मुंबई के सहयोग से स्थापित की गई डे-केयर कीमोथेरेपी यूनिट का फीता काटकर उद्घाटन कर क्षेत्र वासियों को एक बड़ी सौगात दी।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहला सुख निरोगी काया” है। कैंसर एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, इसलिए इसके उपचार के साथ-साथ समय पर जांच और जागरूकता भी बेहद आवश्यक है। विदिशा में कैंसर डे केयर सेंटर की शुरुआत होने से अब मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही टाटा मेमोरियल अस्पताल के सहयोग से उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि कैंसर के इलाज की दिशा में विदिशा में शुरू किया गया है। कैंसर डे केयर सेंटर एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि कैंसर डे केयर सेंटर की शुरुआत विदिशा जिले से हुई है और इस संबंध में एमओयू भी साइन किया गया है। “उन्होंने कहा कि विदिशा में कैंसर के इलाज की सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से विकसित की जा रही हैं। इससे पहले जिले में कैंसर जांच शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें लगभग 3,000 लोगों की जांच की गई। जांच के दौरान करीब 600 मरीजों में कैंसर की पुष्टि हुई थी। अब आगे चलकर विदिशा में कैंसर अस्पताल स्थापित करने की दिशा में भी तैयारियां की जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर और नशे से दूरी बनाकर अनेक गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
कैंसर उपचार को नई दिशा, विदिशा में शुरू हुआ डे केयर सेंटर: डॉ. जितेन्द्र सिंह
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि टाटा समूह द्वारा कैंसर के क्षेत्र में किए जा रहे शोध और प्रयास आने वाले समय में न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया के लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का भी स्पष्ट दृष्टिकोण है कि भारत में होने वाला शोध पूरी मानव जाति के कल्याण के लिए उपयोगी होना चाहिए। इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि टाटा समूह द्वारा पिछले 11 वर्षों में 11 अस्पताल स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 300 से अधिक ग्रिड स्थापित किए गए हैं, ताकि कैंसर से पीड़ित मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि विदिशा जिले में कैंसर डे केयर सेंटर की शुरुआत भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मेडिकल कॉलेज में स्थापित इस सेंटर के माध्यम से कैंसर मरीजों को उनके नजदीक ही आवश्यक उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कैंसर डे केयर सेंटर के बेहतर संचालन के लिए दो डॉक्टरों और सात नर्सिंग स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य मरीजों को टाटा मेमोरियल अस्पताल की तर्ज पर बेहतर उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विदिशा में कैंसर डे केयर सेंटर की शुरुआत से जिले और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विदिशा के अटल बिहारी वाजपेई शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित कैंसर डे-केयर कीमोथेरेपी यूनिट के उद्घाटन कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज विदिशा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बहुत महत्वपूर्ण दिन है। आज हम केवल एक डे केयर कीमोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन नहीं कर रहे हैं, बल्कि विदिशा और आसपास के क्षेत्र के कैंसर मरीजों के लिए इलाज को उनके घर के और करीब ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज केवल एक बीमारी का इलाज नहीं है। यह मरीज और उसके पूरे परिवार के लिए एक लंबी और कठिन यात्रा होती है। बार-बार भोपाल या किसी बड़े शहर जाना, यात्रा का खर्च, समय और बीमारी के साथ होने वाली मानसिक परेशानी-इन सबको कम करना भी हमारी जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास है कि जहां तक संभव हो, इलाज मरीज के पास पहुंचे, मरीज को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. मनीष निगम ने कीमोथैरेपी डे केयर सेंटर के संबंध में संक्षिप्त जानकारी से अवगत कराया। कार्यक्रम को एसीटीईआरसी और एम्स भोपाल के डायरेक्टर और क्षेत्रीय विधायक मुकेश टंडन ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल, विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर