
दुबई, 08 सितंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान की मेजबानी में जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला 17 अक्टूबर से शुरू होगी। तीनों टीमों के बीच मुकाबले 17 से 23 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला होगी।
त्रिकोणीय श्रृंखला का पहला मुकाबला 17 अक्टूबर को जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 19 अक्टूबर को जिम्बाब्वे का सामना मेजबान अफगानिस्तान से होगा। अफगानिस्तान और बांग्लादेश 21 अक्टूबर को आमने-सामने होंगे, जबकि फाइनल 23 अक्टूबर को खेला जाएगा।
त्रिकोणीय श्रृंखला के बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 27 और 29 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैच होंगे। पहला टेस्ट 5 नवंबर से और दूसरा 13 नवंबर से शुरू होगा। जिम्बाब्वे के संयुक्त अरब अमीरात पहुंचने से पहले अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। यह मुकाबला 9 से 13 अक्टूबर तक होगा।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रबंध निदेशक गिवेमोर मकोनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “यह जिम्बाब्वे के लिए महत्वपूर्ण दौरा है, जो हमारे खिलाड़ियों को तीनों प्रारूपों में उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर देगा। त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला में हमें दो मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी क्षमता परखने का मौका मिलेगा, जबकि दो टेस्ट विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि हम लंबे प्रारूप में नियमित अवसर हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कहा, “अलग-अलग प्रारूपों में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना हमारे खिलाड़ियों को मूल्यवान प्रतिस्पर्धी अवसर देगा और हमारे समर्थकों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक रोमांचक दौर लेकर आएगा।”
उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी राष्ट्रीय टीम को नियमित रूप से उच्च गुणवत्ता वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और जिम्बाब्वे क्रिकेट के साथ अपने संबंधों को बेहद महत्व देते हैं और इन महत्वपूर्ण मुकाबलों को संभव बनाने में उनके सहयोग की सराहना करते हैं।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे